ई-कचरे के निस्तारण को स्कूलों में अभियान
बिहार के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में अक्टूबर में ई-कचरा प्रबंधन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। स्कूल पुराने मोबाइल, कंप्यूटर, केबल, चार्जर और बैटरियां एकत्र करेंगे। 28 अक्टूबर को विशेष चेतना सत्र, क्विज और अन्य कार्यक्रम होंगे। विद्यार्थियों को ई-कचरे के सुरक्षित संग्रह, पृथक्करण और निस्तारण की जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रमों का विवरण और जियो-टैग तस्वीरें पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा।

खजौली,निज प्रतिनिधि। राज्य के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में ई-कचरा प्रबंधन को लेकर अक्टूबर में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत विद्यालयों में पुराने मोबाइल, खराब कंप्यूटर, केबल, चार्जर, बैटरी और अन्य अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एकत्र किए जाएंगे। 28 अक्टूबर को विशेष चेतना सत्र आयोजित कर विद्यार्थियों को ई-कचरे के सुरक्षित संग्रहण, पृथक्करण और निस्तारण की जानकारी दी जाएगी। इस दौरान क्विज प्रतियोगिता सहित अन्य जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के राज्य परियोजना निदेशक नवदीप शुक्ला ने इस संबंध में सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों और जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों (प्रारंभिक शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान) को निर्देश जारी किया है।
पोर्टल पर अपलोड करनी होगी जानकारी: विद्यालयों में ई-कचरा प्रबंधन से संबंधित जागरूकता सामग्री और बैनर प्रदर्शित किए जाएंगे। इसके लिए ईको क्लब पोर्टल पर उपलब्ध सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) सामग्री का उपयोग किया जाएगा। 28 अक्टूबर को आयोजित कार्यक्रमों, प्रतिभागी छात्र-छात्राओं की संख्या और ई-कचरा हस्तांतरण की जियो-टैग तस्वीरें निर्धारित पोर्टल पर अपलोड करनी होंगी। परिषद ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने को कहा है।

