पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में वैशाली बिहार के पांचवें पॉयदान पर
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में 1,238 सोलर पैनल लगाकर वैशाली जिले पूरे बिहार में पांचवें स्थान पर

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन में वैशाली जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। जिले में अब तक 1,238 रूफटॉप सोलर पैनल का अधिष्ठापन कराया जा चुका है और इस उपलब्धि के साथ वैशाली पूरे बिहार में पांचवें स्थान पर है।
योजना की प्रगति की समीक्षा
जिला पदाधिकारी ने योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए सोलर पैनल के अधिष्ठापन में और तेजी लाने तथा अधिक से अधिक परिवारों को योजना से जोड़ने का निर्देश दिया है। जिला पदाधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना लोगों को सौर ऊर्जा अपनाने और बिजली के खर्च को कम करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान कर रही है।
पात्र परिवारों के लाभ
जिले में योजना के प्रति व्यापक जागरूकता पैदा करते हुए पात्र परिवारों को इसका लाभ दिलाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवेदन से लेकर सोलर पैनल के अधिष्ठापन तक की प्रक्रिया में लाभुकों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने तथा लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
अतिरिक्त आर्थिक सहायता
रूफटॉप सोलर पर केंद्र और बिहार सरकार दे रही अतिरिक्त आर्थिक सहायता पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर अपनाने वाले परिवारों को केंद्र सरकार के अनुदान के साथ बिहार सरकार द्वारा अतिरिक्त अनुदान भी दिया जा रहा है। वर्तमान प्रावधान के अनुसार 1 किलोवाट के सोलर सिस्टम पर केंद्र सरकार की ओर से ₹30,000 तथा बिहार सरकार की ओर से 10,000, यानी कुल ₹40,000 तक की सहायता उपलब्ध है। इसी प्रकार 2 किलोवाट के सोलर सिस्टम पर केंद्र सरकार से ₹60,000 और बिहार सरकार से ₹20,000, यानी कुल ₹80,000 तक की सहायता का प्रावधान है। वहीं 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के सोलर सिस्टम पर केंद्र सरकार की ओर से ₹78,000 तथा बिहार सरकार की ओर से ₹20,000, यानी कुल ₹98,000 तक की सहायता उपलब्ध है। राज्य सरकार द्वारा योजना के तहत दिए जा रहे अतिरिक्त अनुदान का प्रावधान 31 मार्च 2027 तक किया गया है।
सामान्य लोगों से अपील
जिला प्रशासन द्वारा आम लोगों से इस अवसर का लाभ उठाते हुए अपने घरों की छत पर रूफटॉप सोलर लगाकर बिजली के खर्च को कम करने एवं स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की अपील की जा रही है। -अमिताभ सिंह

