सेवा संकल्प अभियान के तहत होंगी 10 प्रमुख गतिविधियां
औरंगाबाद, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। मुख्य सचिव, बिहार की अध्यक्षता में शुक्रवार को सेवा संकल्प अभियान को लेकर बैठक हुई। बैठक में अभियान के सफल क्रियान्वयन, व्यापक जनभागीदारी और विभिन्न गतिविधियों के...

मुख्य सचिव, बिहार की अध्यक्षता में शुक्रवार को सेवा संकल्प अभियान को लेकर बैठक हुई। बैठक में अभियान के सफल क्रियान्वयन, व्यापक जनभागीदारी और विभिन्न गतिविधियों के आयोजन को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में शामिल हुए अधिकारी
औरंगाबाद से डीएम अभिलाषा शर्मा, एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा, डीडीसी कुमारी अनुपम सिंह, जिला पंचायत राज पदाधिकारी इफ्तेखार अहमद एवं जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी श्वेता प्रियदर्शी शामिल हुई। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के तहत 10 प्रमुख गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
मुख्य गतिविधियाँ
आशीर्वाद का दीया गतिविधि में बूथ स्तर के सदस्य लाभार्थियों से संपर्क कर उन्हें दीप जलाने के लिए आमंत्रित करेंगे। इसमें नगर निकाय, स्वास्थ्य उपकेंद्र, पीडीएस डीलर, गैस वितरक एवं पंचायत सरकार भवन सहित विभिन्न संस्थाओं की सहभागिता होी। सेवा चित्र गतिविधि के तहत शिक्षा विभाग द्वारा सरकारी एवं निजी विद्यालयों तथा कॉलेजों में चित्रांकन एवं भाषण प्रतियोगिता होगी। सेवा स्मरण के माध्यम से प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवा कार्यकाल के दौरान संचालित प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों को नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा।
अन्य गतिविधियों
आंगन का मिलन गतिविधि में बच्चे एवं उनके अभिभावक आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के योगदान एवं सेवाओं के लिए उन्हें सम्मानित करेंगे। कहानी बदलाव की राष्ट्रव्यापी प्रतियोगिता के रूप में आयोजित होगी। सेवा ज्योति यात्रा ग्राम पंचायत, प्रखंड एवं जिला स्तर पर आयोजित की जाएगी। सेवा सेतु अभियान को सरकार आपके द्वार की अवधारणा के अनुरूप संचालित किया जाएगा। कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से सेवा के रंग थीम पर ह्यूमन रंगोली का आयोजन किया जाएगा। अभियान के तहत हैकाथॉन एवं इनोवेशन चैलेंज का आयोजन भी होगा।


