अररिया: नीतीश ने जंगलराज को सुशासन में बदला तो सम्राट सुशासन को समृद्धि में बदल रहे हैं
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जंगलराज को सुशासन में बदलने का काम किया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य सुशासन से समृद्धि की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने देश की आर्थिक प्रगति और विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी।

फारबिसगंज से अमेंद्र की रिपोर्ट बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जंगलराज को सुशासन में बदलने का काम किया है और अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार सुशासन से समृद्धि की ओर बढ़ रहा है। यह बातें बुधवार को फारबिसगंज के पूर्व विधायक मंचन केसरी के आवासीय परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कही। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वे दो दिवसीय अररिया दौरे पर हैं। इस दौरान पार्टी कमेटियों की बैठक कर कमजोर बूथों को चिह्नित कर उन्हें मजबूत करने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में देश एवं बिहार लगातार प्रगति के पथ पर अग्रसर है।
उन्होंने देश की आर्थिक प्रगति का जिक्र करते हुए कहा कि जीडीपी की 7.8 प्रतिशत की वृद्धि दर ने दुनिया में भारत की पहचान और दबदबा बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि भारत विकसित राष्ट्रों की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। संजय सरावगी ने सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए सीएम सहयोग पोर्टल, छात्र पोर्टल और शिक्षक पोर्टल को छात्र-नौजवान एवं शिक्षा व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने सभी प्रखंडों में सरस्वती विद्या निकेतन खोले जाने की भी जानकारी दी।


