वीटीआर की बाघिन विशेष विमान से भेजी गई बंगाल, बढ़ाएगी कुनबा
बिहार के वन्यजीव संरक्षण के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। वीटीआर की बाघिन को एयरफोर्स के विमान से पश्चिम बंगाल के बक्सा टाइगर रिजर्व में भेजा गया। इसका उद्देश्य बाघों के संरक्षण में बिहार की भूमिका को प्रदर्शित करना है। यह ऐतिहासिक पहल बिहार के लिए गर्व का क्षण है।

हरनाटाड़। बिहार के वन्यजीव संरक्षण के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है।वीटीआर की एक बाघिन को एयरफोर्स के विशेष विमान से गोरखपुर से पश्चिम बंगाल के बक्सा टाइगर रिजर्व में पहुंचाया गया है। संरक्षक के उद्देश्य से बिहार से किसी बाघ को पहली बार दूसरे राज्य के टाइगर रिजर्व में स्थानांतरित किया गया है। यह बिहार के लिए गौरव का क्षण है और राज्य की बढ़ती संरक्षण क्षमता तथा देश के राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्रयासों में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाता है। बता दें कि बाघिन को 29 सितंबर की शाम करीब 5 बजे वीटीआर में सफलतापूर्वक बेहोश कर रेडियो-कॉलर लगाया गया। आवश्यक पशु चिकित्सा एवं वन्यजीव प्रबंधन प्रकियाएं पुरी करने के बाद उसे सुरक्षित रूप से वीटीआर से कड़ी सुरक्षा के बीच सड़क मार्ग से गोरखपुर पहुंचाया गया, जहां एयरफोर्स के विशेष विमान द्वारा बक्सा टाइगर रिजर्व ले जाया गया। बाघिन को 30 सितंबर की सुबह लगभग 8 बजें बक्सा टाइगर रिजर्व के निर्धारित सॉफ्ट-रिलीज एनक्लोजर में सुरक्षित पहुंचा दिया गया। इस प्रकार बाघिन को बेहोश किये जाने से लेकर उसके नए संरक्षण क्षेत्र में सुरक्षित पहुंचाने तक की पूरी प्रक्रिया लगभग 15 घंटे में सफलतापूर्वक पूरी हुई है।
बाघिन के स्वास्थ्य की निगरानी
बक्सा टाइगर रिजर्व में बाघिन को फिलहाल विशेष रूप से तैयार किए गए एनक्लोजर में रखा गया है।वन विभाग और वन्यजीव विशेषज्ञ उसके स्वास्थ्य, व्यवहार एवं नए वातावरण के अनुकुलन की लगातार निगरानी कर रहे हैं। 2 अक्टूबर को उसे एनक्लोजर से बड़े वनक्षेत्र में छोड़ा जायेगा।वीटीआर से बक्सा टाइगर रिजर्व तक बाघिन का यह स्थानांतरण बिहार की संरक्षण यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। वीटीआर देश के महत्वपूर्ण तराई वन परिदृश्य का हिस्सा है और बिहार में बाघ संरक्षण का प्रमुख केन्द्र है।इस ऐतिहासिक पहल के माध्यम से बिहार ने पहली बार अपने यहां का बाघ को दूसरे राज्य के बाघ संरक्षण कार्यक्रम के लिए उपलब्ध कराकर राष्ट्रीय स्तर पर बाघ संरक्षण में अपनी सक्रिय भूमिका को और मजबूत किया है। बिहार से पश्चिम बंगाल तक बाघिन की यात्रा केवल एक वन्यजीव के स्थानांतरण की कहानी नहीं है। बल्कि बिहार के बदलते संरक्षण परिदृश्य और देश के व्यापक बाघ संरक्षण प्रयासों का उदाहरण है.
ऐतिहासिक उपलब्धि
बिहार के लिए यह ऐतिहासिक उपलब्धि है। वाल्मीकि टाइगर रिजर्व ने पहली बार अपने बाघ को दूसरे राज्य के बाघ संरक्षण प्रयास में योगदान के लिए भेजा हैं। जो कि बंगाल के बक्सा टाइगर रिजर्व में बाघों की कुनबा बढ़ाने में वीटीआर की बाघिन बेहतर कारगर साबित होगी। इस अभियान में वीटीआर, बंगाल के वन विभाग के साथ ही वेटनरी डाक्टर , बॉयोलॉजिस्ट, बाघ विशेषज्ञ, एनटीसीए, डब्ल्यू आई आई व दोनों राज्यों के मैदानी वनकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
-गौरव ओझा, वीटीआर वन संरक्षक सह क्षेत्र निदेशक


