महापंचायत में तीन सूत्री मांगों पर चर्चा, निष्पक्ष जांच की मांग
बड़हरिया में विहिप और बजरंग दल की महापंचायत की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में हत्या की निष्पक्ष जांच और हनुमान मूर्ति तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। थाना अध्यक्ष ने जांच का आश्वासन दिया है। यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन आंदोलन करेगा।

बड़हरिया, एक संवाददाता। प्रखंड के पुरानी बाजार स्थित साधुनी मठ परिसर में रविवार को विहिप और बजरंग दल के तत्वावधान में महापंचायत की बैठक आयोजित की गई। इसमें बड़ी संख्या में संगठन के कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता बजरंग दल के जिला संयोजक रंजन सिंह ने की। बैठक में हरदोबारा पंचायत के सरपंच विनोद कुशवाहा की हत्या की निष्पक्ष एवं न्यायिक जांच कर कार्रवाई करने, चैन छपरा में हनुमान मूर्ति तोड़ने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने तथा विहिप के जिला मंत्री परमेश्वर पर दर्ज मुकदमे को लेकर चर्चा की गई।
बैठक के मुख्य मुद्दे
इसके बाद संगठन के पांच सदस्यीय शिष्टमंडल ने थाना अध्यक्ष छोटन कुमार से मुलाकात कर तीन सूत्री मांगों को रखा। थाना अध्यक्ष ने मामले में निष्पक्ष जांच का भरोसा देते हुए कहा कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि संगठन की मांगों पर जल्द कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के आश्वासन पर संगठन के सदस्यों ने संतोष जताया।
संगठन की चेतावनी
बजरंग दल के जिला संयोजक रंजन सिंह ने कहा कि पुलिस ने निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया है। यदि निर्धारित समय सीमा में प्रशासन की ओर से उचित कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। बैठक में प्रांत विमर्श प्रमुख रितेश सिंह, जिला सहसंयोजक राहुल सिंह पटेल, विहिप विधि प्रकोष्ठ के हरकेश चौहान, सरपंच संघ अध्यक्ष झगरु यादव, सरपंच अरविंद श्रीवास्तव, गुड्डू सिंह, भारद्वाज कुशवाहा, रंजन कुमार, दीपक कुमार, अनिल कुमार राम, नरेंद्र पर्वत, सोनू राज, आकाश कुमार, जिला सुरक्षा प्रमुख प्रमोद सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।


