राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए बांका की खुशबू कुमारी का चयन
बच्चों को मनोरंजन के साथ पढ़ाने के तरीके ने दिलाई अलग पहचानबच्चों को मनोरंजन के साथ पढ़ाने के तरीके ने दिलाई अलग पहचान खुशबू को मिलेगा प्रमाणपत्र, रजत

कटोरिया (बांका), निज प्रतिनिधि। जिले की शिक्षिका खुशबू कुमारी ने शिक्षा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। बांका के उर्दू प्राथमिक विद्यालय, बिदायडीह की प्रधान शिक्षिका खुशबू कुमारी का चयन वर्ष 2026 के राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए किया गया है। बिहार से इस वर्ष दो शिक्षकों का चयन राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए हुआ है, जिसमें बांका की खुशबू कुमारी का नाम शामिल है। उनके चयन की सूचना शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से 21 अगस्त को जारी पत्र के माध्यम से दी गई है।
समाचार का स्रोत
खुशबू कुमारी मूल रूप से कटोरिया प्रखंड के राधानगर की रहने वाली हैं। उनके पति मनीष कुमार आनंद भी बांका में न्यू प्राथमिक विद्यालय, कोला में प्रधान शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। शिक्षा मंत्रालय के स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की ओर से जारी पत्र में बताया गया है कि खुशबू कुमारी को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए चयनित किया गया है। पुरस्कार समारोह आगामी 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित होगा। समारोह में राष्ट्रपति द्वारा चयनित शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के तहत चयनित शिक्षकों को प्रमाणपत्र, रजत पदक और 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
शिक्षण के तरीकों की सराहना
खुशबू कुमारी को बच्चों को पढ़ाई के प्रति आकर्षित करने के लिए अपनाए जाने वाले नवाचारपूर्ण और मनोरंजक शिक्षण तरीकों के लिए अलग पहचान मिली है। वह पढ़ाई को केवल किताबों तक सीमित रखने के बजाय बच्चों को गतिविधियों और मनोरंजक तरीकों के माध्यम से सीखने के लिए प्रेरित करती हैं। इससे विद्यालय में बच्चों की रुचि और सहभागिता बढ़ाने में मदद मिली है। शिक्षा मंत्रालय की ओर से जारी दूसरे पत्र के अनुसार राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चयनित शिक्षिका खुशबू कुमारी के कार्यों पर लघु फिल्म भी तैयार की जाएगी। इसके लिए शिक्षा मंत्रालय के अधीन मिनी रत्न पीएसयू ईडीसीआईएल इंडिया लिमिटेड को जिम्मेदारी दी गई है। फिल्म निर्माण से जुड़ी टीमें जल्द ही बांका के उर्दू प्राथमिक विद्यालय, बिदायडीह का दौरा कर शिक्षिका खुशबू के कार्यों, उनके पढ़ाने के तरीके आदि की शूटिंग करेंगी।
खुशबू का अनुभव
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चयनित होने पर खुशबू कुमारी ने कहा कि काम को सम्मान मिलता है तो खुशी के साथ जिम्मेदारी का एहसास भी बढ़ जाता है। राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चयनित होना उनके लिए भावुक कर देने वाला क्षण है। बच्चों को बेहतर तरीके से पढ़ाने और उनके चेहरे पर सीखने की खुशी देखने से हमेशा उन्हें प्रेरणा मिलती रही है। राष्ट्रीय स्तर पर चयन होना उनके लिए सपने के सच होने जैसा है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि के पीछे परिवार, विद्यालय के सहयोगियों और खासकर उनके पति मनीष कुमार आनंद का बड़ा योगदान है। खुशबू ने कहा कि वह इस सम्मान को अपने विद्यालय के बच्चों और उन सभी लोगों को समर्पित करती हैं, जिन्होंने उनके सफर में उनका साथ दिया। राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चयनित खुशबू कुमारी को पुरस्कार समारोह में शामिल होने के लिए एक सहयोगी के साथ इकोनॉमी क्लास में हवाई यात्रा की अनुमति दी गई है। चयनित शिक्षकों के लिए नई दिल्ली के होटल द अशोक में 3 सितंबर की दोपहर से 6 सितंबर की सुबह तक ठहरने की व्यवस्था की गई है। 3 सितंबर को शाम पांच बजे ब्रीफिंग बैठक प्रस्तावित है, जबकि 5 सितंबर को विज्ञान भवन में राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार समारोह आयोजित होगा。

