मुजफ्फरपुर में होगा फेरिक एलम व जल शोधन रसायनों का उत्पादन
बिहार में औद्योगिक निवेश को लेकर एक बड़ी पहल की शुरुआत की गई है। मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कोलकाता में एफएएसआईआई बिहार चैप्टर के चेयरमैन और एक केमिकल फैक्ट्री के निदेशक से मुलाकात की। चर्चा में मुजफ्फरपुर में नई केमिकल फैक्ट्रियों की स्थापना और रोजगार सृजन पर बात की गई।

मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। बिहार में औद्योगिक निवेश को लेकर बड़ी पहल की शुरुआत हुई है। इसको लेकर लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन से रविवार को कोलकाता में फेडरेशन ऑफ एसोसिएशन ऑफ स्मॉल इंडस्ट्रीज ऑफ इंडिया (एफएएसआईआई) बिहार चैप्टर (मुजफ्फरपुर) के चेयरमैन मो. परवाज अंसारी और एक केमिकल फैक्ट्री के निदेशक पवन तिवारी ने मुलाकात की।
उद्योगों की स्थापना पर चर्चा
उद्यमियों ने मंत्री से मुजफ्फरपुर समेत उत्तर बिहार में नई केमिकल फैक्ट्रियों की स्थापना और इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन पर चर्चा की। साथ ही मुजफ्फरपुर में फेरिक एलम व अन्य जल शोधन रसायनों का उत्पादन शुरू करने की संभावनाओं पर विमर्श किया। इसपर मंत्री ने कहा कि बिहार सरकार राज्य में उद्योग लगाने के इच्छुक निवेशकों को हरसंभव सुविधा और सहयोग देगी। चर्चा का एक अहम मुद्दा जल निगम में पानी को शुद्ध करने के लिए उपयोग किए जाने वाले रसायन भी रहे।
निवेश का प्रभाव
चेयरमैन मो. परवाज अंसारी ने कहा कि मुजफ्फरपुर व उत्तर बिहार में केमिकल उत्पादन कंपनियों के निवेश से राज्य के औद्योगिक नक्शे में बड़ा बदलाव आएगा। उन्होंने कहा कि एफएएसआईआई निवेशकों और सरकार के बीच सेतु का काम करेगा। पवन तिवारी ने बिहार सरकार की निवेश नीति की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में निवेश के लिए अनुकूल माहौल है। जल्द ही इस दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।


