भागलपुर : रूफटॉप सोलर प्लांट से मिलेगी मुफ्त बिजली, आम नागरिक कर सकते हैं आवेदन
भागलपुर से संजय कुमार की रिपोर्ट भागलपुर, मुख्य संवाददाता। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों

भागलपुर से संजय कुमार की रिपोर्ट भागलपुर, मुख्य संवाददाता। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे केवल एमएनआरई से मान्यता प्राप्त पोर्टल पर सूचीबद्ध वेंडर के माध्यम से ही रूफटॉप सोलर प्लांट की स्थापना कराएं तथा आवेदन एवं सब्सिडी की प्रक्रिया के संबंध में किसी अनधिकृत व्यक्ति या संस्था के झांसे में न आएं। जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत घरेलू उपभोक्ताओं को अपने घर की छत पर रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। योजना का उद्देश्य सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ-साथ घरेलू बिजली बिल में कमी लाना तथा स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देना है।
इस योजना के तहत इच्छुक उपभोक्ता पीएम सूर्यघर नेशनल पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की प्रक्रिया में सबसे पहले पोर्टल पर नए उपयोगकर्ता के रूप में पंजीकरण कर उपभोक्ता संख्या एवं अन्य आवश्यक विवरण दर्ज करना होगा। आवेदन सफलतापूर्वक जमा होने के बाद आवेदक को एप्लीकेशन आईडी प्राप्त होगी। इसके बाद संबंधित डिस्कॉम द्वारा आवेदन की तकनीकी जांच एवं स्वीकृति की जाएगी। स्वीकृति के पश्चात उपभोक्ता पोर्टल पर सूचीबद्ध या पंजीकृत वेंडर का चयन कर सोलर प्लांट की स्थापना करा सकेंगे। स्थापना से पूर्व छत की वर्तमान स्थिति की फोटो पोर्टल पर अपलोड करनी होगी। चयनित वेंडर द्वारा स्वीकृत क्षमता के अनुसार रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित किया जाएगा।

