बरेली से निकला सितारा, एशियन गेम्स में भारत को दिलाया पदक
हिन्दुस्तान, बरेली
बिहार के बॉबी कुमार ने एशियन गेम्स में सेपक टकरा क्वाड्रेंट स्पर्धा में भारत का नाम रोशन किया है। वे भारतीय टीम का हिस्सा थे, जिसने कांस्य पदक जीता। टीम ने पहले लाओस, वियतनाम और म्यांमार को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई, लेकिन जापान से हारने के बाद कांस्य पदक प्राप्त किया।

शहर के साई सेंटर में रहकर सेपक टकरा की बारीकियां सीखने वाले बिहार के बॉबी कुमार ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का नाम रोशन किया है। एशियन गेम्स की सेपक टकरा क्वाड्रेंट स्पर्धा में बॉबी भारतीय टीम का हिस्सा रहे। भारतीय टीम ने शुक्रवार को कांस्य पदक अपने नाम किया। बॉबी की इस उपलब्धि ने बरेली के खेल जगत को भी गौरवान्वित किया है। क्वाड्रेंट स्पर्धा में भारतीय टीम ने शुरुआत से ही दमदार खेल दिखाया। ग्रुप चरण में भारत ने लाओस, वियतनाम और म्यांमार की टीमों को शिकस्त देकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल में जापान से भारत को 0-2 से हार का सामना करना पड़ा।
इसके बाद भारतीय टीम को कांस्य पदक मिला। टीम की इस कामयाबी में बॉबी कुमार भी अहम हिस्सा रहे। पदक जीतने की खुशी में साई सेंटर बरेली समेत में खिलाड़ियों ने जश्न मनाया।

