स्कूलों में सजेगा कला का मंच 12 विधाओं में दिखेगा हुनर
स्कूलों में सजेगा कला का मंच 12 विधाओं में दिखेगा हुनर स्कूलों में सजेगा कला का मंच 12 विधाओं में दिखेगा हुनर स्कूलों में सजेगा कला का मंच 12 विधाओ

कटिहार, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। जिले के सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों में पढ़ने वाले कक्षा नौवीं से 12वीं के विद्यार्थियों को अपनी कला प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच मिलने जा रहा है। समग्र शिक्षा की वार्षिक कार्य योजना एवं बजट 2026-27 के तहत ‘कला उत्सव-2026’ के आयोजन को लेकर बिहार शिक्षा परियोजना परिषद ने दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। विद्यालय स्तर की प्रतियोगिता 30 सितंबर से 15 अक्टूबर तक पूरी करनी है, जबकि जिला स्तरीय कला उत्सव 26 से 30 अक्टूबर के बीच आयोजित होगा। राज्य परियोजना निदेशक नवदीप शुक्ला ने सभी जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला कार्यक्रम पदाधिकारी को समय पर आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। गायन से नृत्य और नाटक तक, 12 विधाओं में होगा हुनर का चयन
कला उत्सव में प्रतिभा का प्रदर्शन
कला उत्सव में विद्यार्थियों को 12 अलग-अलग कला विधाओं में प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। इनमें शास्त्रीय व उपशास्त्रीय गायन, लोकगीत, भक्तिगीत, देशभक्ति गीत व सुगम संगीत, शास्त्रीय-उपशास्त्रीय स्वर वाद्य, ताल वाद्य, लोक एवं शास्त्रीय वाद्यवृंद, शास्त्रीय और क्षेत्रीय लोक-जनजातीय गैर-फिल्मी समकालीन समूह नृत्य, नाटक, द्विआयामी एवं त्रिआयामी दृश्य कला, स्वदेशी खिलौने व स्थानीय शिल्प तथा पारंपरिक कहानी वाचन शामिल हैं। अलग-अलग विधाओं में एकल और समूह प्रस्तुति होगी। समूह विधाओं में अधिकतम चार विद्यार्थी शामिल हो सकेंगे, जबकि पारंपरिक कहानी वाचन में दो विद्यार्थियों की टीम होगी।
प्रतिभागियों की प्राथमिकता
पहले प्रतिभागी बने छात्रों को मिलेगा मौका
विद्यालय स्तर पर प्रतिभागियों के चयन में उन विद्यार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिन्होंने इससे पहले कला उत्सव में हिस्सा नहीं लिया है। विद्यालय स्तर पर प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का चयन कर उन्हें जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए भेजा जाएगा। हालांकि, 2024 या 2025 में राष्ट्रीय कला उत्सव में किसी कला विधा में पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थी उसी कला विधा में इस वर्ष भाग नहीं ले सकेंगे।
निर्णायक मंडल की व्यवस्था
हर विधा के लिए अलग निर्णायक मंडल
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में 12 विधाओं के लिए अलग-अलग निर्णायक मंडल गठित किए जाएंगे। संबंधित विषय के शिक्षक और कला विशेषज्ञ विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों का निर्धारित मूल्यांकन प्रपत्र के आधार पर आकलन करेंगे। प्रत्येक विधा में प्रथम विजेता का चयन किया जाएगा। जिला स्तर पर चयनित विजेताओं को राज्य स्तरीय कला उत्सव के लिए आगे भेजा जाएगा।
राज्य स्तर पर ऑनलाइन मूल्यांकन
वीडियो और फोटो से ऑनलाइन होगा राज्य स्तर पर मूल्यांकन
जिला स्तर पर चयनित प्रथम विजेता की प्रस्तुति की चार से पांच मिनट की वीडियो क्लिप तैयार की जाएगी। इसके साथ विजेता का पासपोर्ट साइज फोटो, प्रस्तुति से संबंधित कम से कम चार फोटो और 100 शब्दों का पाठ सारांश भी तैयार किया जाएगा। इन सामग्रियों को गूगल ड्राइव के माध्यम से राज्य स्तरीय ऑनलाइन प्रतियोगिता के मूल्यांकन के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।
कला उत्सव का उद्देश्य
हर प्रतिभा को मिले मंच
जिला शिक्षा पदाधिकारी राहुल चन्द्र चौधरी ने कहा कि कला उत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों में छिपी कला प्रतिभा को पहचानकर उसे उचित मंच उपलब्ध कराना है। विद्यालयों को निर्धारित समय-सीमा में प्रतियोगिता आयोजित करने और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का निष्पक्ष चयन करने का निर्देश दिया जाएगा। जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय मंच तक पहुंचाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी की जाएंगी।

