महनार समेत जिले के बीडीओ 21 से सामूहिक अवकाश पर
बिहार ग्रामीण विकास सेवा संघ ने मांगों पर कार्रवाई न होने के विरोध में 21 सितंबर से सामूहिक अवकाश पर जाने का निर्णय लिया है। वैशाली में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों ने इसकी जानकारी जिला पदाधिकारी को दी। संघ की प्रमुख मांगों में ग्रामीण विकास सेवा को राज्य सेवा घोषित करना और सुधार सहित अन्य मुद्दे शामिल हैं।

बिहार ग्रामीण विकास सेवा संघ की विभिन्न मांगों पर सरकार और विभाग की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं होने के विरोध में ग्रामीण विकास सेवा के पदाधिकारियों ने 21 सितंबर से सामूहिक अवकाश पर जाने का निर्णय लिया है। संघ के निर्देश पर शुक्रवार को वैशाली जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों ने जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह को पत्र सौंपकर इसकी जानकारी दी। इसमें महनार बीडीओ मुकेश कुमार भी शामिल रहे। बीडीओ मुकेश कुमार ने बताया कि संघ की प्रमुख मांगों में ग्रामीण विकास सेवा को राज्य सेवा संवर्ग घोषित करना, सेवा में सुधार और पदाधिकारियों की सुरक्षा सहित अन्य मांगें शामिल हैं।
इन मांगों को लेकर कई वर्षों से सरकार और विभाग को ज्ञापन दिया जाता रहा है, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि संघ ने मुख्य सचिव और ग्रामीण विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव को भी पत्र भेजा है। मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होने पर 21 सितंबर से मांगें पूरी होने तक सामूहिक अवकाश जारी रहेगा। -कृत्यानंद सिंह


