बीपीएससी एपीओ प्रारंभिक परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, 16 केंद्रों पर दो पालियों में हुई परीक्षा
भागलपुर में बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की सहायक अभियोजन पदाधिकारी (एपीओ) प्रारंभिक परीक्षा कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण रूप से हुई। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई और 6,828 अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना थी। पहले पेपर को कठिन माना गया, जबकि दूसरे पेपर को अभ्यर्थियों ने आसान बताया।

भागलपुर, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की सहायक अभियोजन पदाधिकारी (एपीओ) प्रारंभिक परीक्षा बुधवार को जिले के 16 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक सामान्य अध्ययन तथा दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक विधि विषय की परीक्षा हुई। पहली पाली के लिए अभ्यर्थियों का प्रवेश सुबह 8 बजे से शुरू हुआ और सुबह 9 बजे मुख्य द्वार बंद कर दिया गया। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई।
वहीं कदाचारमुक्त परीक्षा करने के लिए सभी केंद्रों पर तीन स्तरीय सुरक्षा जांच की व्यवस्था की गई थी। प्रवेश द्वार पर प्रारंभिक जांच के बाद विस्तृत तलाशी लेकर ही अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। जिला प्रशासन के अनुसार जिले के 16 परीक्षा केंद्रों पर कुल 6,828 अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना थी। प्रारंभिक आकलन के अनुसार 75 प्रतिशत से अधिक अभ्यर्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई। परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि पहली पाली में सामान्य अध्ययन के प्रश्न अपेक्षाकृत कठिन और विश्लेषणात्मक थे, जिससे अभ्यर्थियों को समय प्रबंधन में कठिनाई हुई। वहीं दूसरी पाली में विधि विषय का प्रश्नपत्र अपेक्षाकृत आसान रहा, जिससे अधिकांश अभ्यर्थियों ने संतोष व्यक्त किया। जिला प्रशासन ने परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित संचालन पर संतोष जताया।


