दिल्ली में घेरा डालो डेरा डालो कार्यक्रम करेंगे शिक्षक
बिहार राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ की राज्यस्तरीय बैठक रविवार को हुई, जहां टीईटी परीक्षा की अनिवार्यता के खिलाफ संघर्ष पर चर्चा हुई। संघ ने राष्ट्रीय राजधानी में सांसदों का घेराव करने और दिसंबर तक सभी प्रखंडों में चुनाव कराने का निर्णय लिया। चुनाव 27 जून 2027 को होने की योजना है।

बिहार राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के राज्य पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष व जिला प्रधान सचिवों की राज्यस्तरीय बैठक रविवार को हरेंद्र प्रसाद राय की अध्यक्षता में हुई। इसमें वरीय उपाध्यक्ष मिथिलेश शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों की मौजूदगी में टीईटी परीक्षा की अनिवार्यता के विरुद्ध संघर्ष पर चर्चा हुई। तय हुआ गया कि मानसून सत्र के दौरान अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ के द्वारा निर्धारित कार्यक्रम घेरा डालो डेरा डालो को सफल बनाने के लिए बिहार से हजारों शिक्षक दिल्ली जाएंगे। वहां अपने क्षेत्र के सांसदों का मांगों के समर्थन में घेराव करेंगे व विधिवत ज्ञापन सौपेंगे। दिसंबर तक सभी प्रखंडों एवं अंचलों व अप्रैल 2027 तक बिहार के सभी जिलों में संगठन का चुनाव कराने का निर्णय हुआ।
बिहार राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ का राज्यस्तरीय चुनाव हर हाल में 27 जून 2027 को निर्धारित तिथि पर कराया जाएगा। इसकी जानकारी राज्य संघ द्वारा उपस्थित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारियों को दी गई । बैठक में उपाध्यक्ष डॉ. रामधारी प्रसाद यादव एवं शंकर सिंह, महासचिव घनश्याम प्रसाद यादव, उप महासचिव मनोज कुमार, उप महासचिव शिव किशोर शर्मा एवं जयप्रकाश चौधरी, सचिव आशीष कुमार, प्रवक्ता प्रेमचंद्र सहित सभी जिलों के अध्यक्ष एवं प्रधान सचिव उपस्थित रहे।


