भाकपा की बदलाव जरूरी है रैली की तैयारी जोरों पर
हिन्दुस्तान, पटना
भाकपा के आह्वान पर एक सितंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘बदलाव जरूरी है’ रैली की तैयारी जोर-शोर से की जा रही है। पार्टी ने एक लाख लोगों को दिल्ली भेजने का लक्ष्य रखा है। यह रैली भाजपा की साम्प्रदायिक नीति, निजीकरण, और शिक्षा के भगवाकरण के खिलाफ होगी।

पटना, हिन्दुस्तान ब्यूरो। भाकपा के आह्वान पर एक सितंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित ‘बदलाव जरूरी है’ रैली की बिहार में तैयारी जोरशोर से की जा रही है। पार्टी की जिला और अंचल परिषद की बैठक का आयोजन लगातार किया जा रहा है। बिहार से करीब एक लाख लोगों के रैली में ले जाने की तैयारी है। ये सभी लोग विभिन्न रेलवे स्टेशन और जंक्शन से दिल्ली रवाना होंगे। बुधवार को भाकपा के राज्य सचिव रामनरेश पांडेय ने कहा कि दिल्ली रैली की व्यापक तैयारी की गई है। रैली को लेकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है।
रैली भाजपा सरकार की साम्प्रदायिक नीति, निजीकरण, शिक्षा के भगवाकरण के खिलाफ और लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए ‘‘बदलाव जरूरी है’’ नारे के साथ आयोजित की गई है।


