बीपीएसएससी :19 केंद्रों पर 60 प्रतिशत अभ्यर्थी हुए शामिल
जिले के 19 परीक्षा केंद्रों पर कुल 12,072 अभ्यर्थियों का पंजीकरण था, जिले में परीक्षा के लिए कुल 19 परीक्षा केंद्र बनाये गये थे। परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक एक पाली में आयोजित की गई।

जिले के 19 परीक्षा केंद्रों पर कुल 12,072 अभ्यर्थियों का पंजीकरण था आरा, निज प्रतिनिधि। बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (बीपीएसएससी) की ओर से मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में अवर निरीक्षक मद्य निषेध पदों पर भर्ती के लिए रविवार को प्रारंभिक लिखित प्रतियोगिता परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में हुई।
परीक्षा का आयोजन
जिले में परीक्षा के लिए कुल 19 परीक्षा केंद्र बनाये गये थे। परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक एक पाली में आयोजित की गई। परीक्षा को लेकर सुबह से ही सभी केंद्रों पर अभ्यर्थियों की भीड़ देखी गई। सुबह 9:30 बजे की रिपोर्टिंग समय से पहले ही परीक्षार्थी केंद्रों पर पहुंचकर कतारों में खड़े नजर आए।
उपस्थित अभ्यर्थी
जिला प्रशासन के अनुसार, जिले के 19 परीक्षा केंद्रों पर कुल 12,072 अभ्यर्थियों का पंजीकरण था, जिनमें से लगभग 60 प्रतिशत अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि शेष अनुपस्थित रहे। परीक्षा को कदाचारमुक्त, स्वच्छ एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला पदाधिकारी को मुख्य परीक्षा संयोजक बनाया गया था।
सुरक्षा व्यवस्था
सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल की तैनाती की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था के तहत अभ्यर्थियों की गहन जांच और पहचान पत्रों के सत्यापन के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया।
शांतिपूर्ण संपन्नता
परीक्षा शहर के एसबी कॉलेज (मौलाबाग), एचडी जैन कॉलेज, एचएनके 2 स्कूल (नवादा), गवर्नमेंट गर्ल्स 2 हाई स्कूल (नवादा), मानो बैजनाथ 2 हाई स्कूल (कुल्हड़िया), तपेश्वर सिंह इन्दू महिला कॉलेज, पयहारी महाराज जी कॉलेज (चंदवा), एसबी 2 हाई स्कूल (मौलाबाग), ज्ञानोदय 2 उच्च माध्यमिक विद्यालय (सलेमपुर रोड), टाउन 2 स्कूल, मॉडल इंस्टीट्यूट (मीरगंज), एमएम महिला कॉलेज, राजकीयकृत श्री जैन कन्या पाठशाला सहित सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। प्रशासन के अनुसार, कहीं से भी किसी अप्रिय घटना या कदाचार की सूचना नहीं मिली।


