मद्य निषेध दारोगा बहाली की लिखित परीक्षा आज, तैयारी पूरी

हिन्दुस्तान, नवादा
Follow us on Google News
share

बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग द्वारा मद्य निषेध दारोगा पद की परीक्षा 12 जुलाई को होगी। नवादा में 20 केन्द्रों पर 10054 अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा का आयोजन होगा। परीक्षा में प्रवेश के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, जिसमें पहचान पत्र और अन्य सामग्रियों की जांच शामिल है।

मद्य निषेध दारोगा बहाली की लिखित परीक्षा आज, तैयारी पूरी

बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग की मद्य निषेध दारोगा पद पर बहाली के लिए लिखित परीक्षा रविवार यानी 12 जुलाई को होगी। इसकी सभी विभागीय एवं प्रशासनिक तैयारी पूरी कर ली गई है। परीक्षा के लिए नवादा शहर में कुल 20 केन्द्र बनाए गए हैं। इन केन्द्रों पर 10054 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा एकल पाली में आयोजित होगी। परीक्षा सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक होगी। परीक्षा केन्द्रों पर शनिवार को सीट प्लान के साथ ही अभ्यर्थियों के बैठने की जगह पर रोल नंबर आदि चिपकाने का काम किया गया। इसके साथ ही सभी केन्द्रों पर सीसीटीवी और जैमर लगाने का कार्य किया जा रहा है। मद्य निषेध दारोगा की बहाली को लेकर होने वाली परीक्षा कदाचार मुक्त व शांतिपूर्ण आयोजित किए जाने के लिए जिला प्रशासन कटिबद्ध है।

परीक्षा में प्रवेश के दिशा-निर्देश

मद्य निषेध दारोगा भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने के 30 मिनट पहले सुबह 10:30 बजे तक ही परीक्षा केन्द्र में प्रवेश होगा। इसके बाद किसी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को अपने साथ प्रवेश पत्र की स्वच्छ प्रति एवं एक वैध फोटो पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड, पासपोर्ट, राशन कार्ड अथवा विद्यार्थी पहचान पत्र अवश्य लेकर आने के लिए कहा कहा गया है। इन दस्तावेज के बिना परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा केन्द्र के गेट पर अभ्यर्थियों की तलाशी एवं बायोमेट्रिक मिलान व प्रवेश पत्र व वैध कागजात की जांच करने के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा समाप्त होने तक किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केन्द्र छोड़ने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा के अंतिम 30 मिनट में शौचालय जाने की अनुमति भी नहीं होगी तथा विशेष परिस्थिति में शौचालय जाने वाले अभ्यर्थियों की तलाशी एवं निगरानी अनिवार्य रूप से की जाएगी।

प्रतिबंधित सामग्री

इलेक्ट्रानिक सामान ले जाने पर रहेगी पाबंदी परीक्षा हॉल में प्रवेश करने के पहले केन्द्र के गेट पर अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली जाएगी। उसके बाद ही उन्हें केन्द्र के भीतर जाने की अनुमति दी जाएगी। परीक्षा कक्ष के अंदर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, कैलकुलेटर, पेजर, इलेक्ट्रॉनिक पेन, आभूषण, धातु सामग्री, इरेजर, व्हाइटनर, ब्लेड सहित अन्य प्रतिबंधित सामग्री ले जाने पर मनाही रहेगी। परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। परीक्षा केन्द्रों के अंदर एवं बाहर सतत निगरानी रखी जाएगी तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, कदाचार अथवा अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा केन्द्रों के आसपास विधि-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण एवं यातायात प्रबंधन के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। परीक्षा केन्द्रों पर सीसीटीवी कैमरा, मोबाइल जैमर, फोटोग्राफी, पर्याप्त पुलिस बल एवं आवश्यकतानुसार वाहन की व्यवस्था की गई है। सभी केन्द्रों पर दण्डाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी के साथ सशस्त्र लाठी बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अतिरिक्त जोनल दण्डाधिकारी-सह-समन्वय प्रेक्षक तथा उड़नदस्ता दल की भी प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अलावा परीक्षा की निगरानी के लिए कलेक्ट्रेट में जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। जिसका दूरभाष संख्या 06324-212261 है।

परीक्षा में आने वाली सामग्री

अभ्यर्थी इन सामग्रियों के साथ परीक्षा देने पहुंचे एडमिट कार्ड , वैध पहचान पत्र इनमें आधार कार्ड, पैन कार्ड, पासपोर्ट, राशन कार्ड व विद्यार्थी पहचान पत्र शामिल है। कोई एक दस्तावेज वैध मान्य होगा। परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले परीक्षा केन्द्र पर पहुंच जाएं, क्योंकि परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले तक ही केन्द्र में प्रवेश मिलेगा। परीक्षा केन्द्र के अंदर जाने में जल्दीबाजी न करें, बल्कि केन्द्र के गेट पर तलाशी के बाद ही प्रवेश करें।

निषेधित सामान

इन सामग्रियों को साथ ना लाएं परीक्षार्थी अभ्यर्थी अपने साथ मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, कैलकुलेटर, पेजर, इलेक्ट्रॉनिक पेन, आभूषण, धातु सामग्री, इरेजर, व्हाइटनर, ब्लेड लेकर परीक्षा देने नहीं जाएं, बल्कि मोबाइल को अपने निवास पर ही छोड़कर परीक्षा देने जाएं। प्रवेश पत्र व वैध पहचान पत्र के अलावा कोई चिट पुर्जा अपने साथ लेकर परीक्षा केन्द्र पर नहीं जाएं। (नवादा से शशि भूषण पाठक)

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

परीक्षा शुरू होने के लिए समय क्या है?
परीक्षा सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक होगी।

इस खबर पर आपकी क्या राय है?

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें