बीपीएसएससी परीक्षा को लेकर देर शाम तक स्टेशन पर चला सघन सर्च अभियान, संदिग्धों पर रही पैनी नजर
बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग की प्रारंभिक परीक्षा के बाद जमालपुर रेलवे स्टेशन पर भारी भीड़ को देखते हुए जीआरपी ने विशेष सघन सर्च अभियान चलाया। लोगों के सामानों की गहन जांच की गई और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई। इस अभियान का नेतृत्व रेल थाना के एसआई निरंजन कुमार रजक ने किया।

जमालपुर, निज प्रतिनिधि।बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (बीपीएसएससी) की प्रारंभिक परीक्षा के बाद रविवार की देर शाम जमालपुर रेलवे स्टेशन पर परीक्षार्थियों और यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए जीआरपी ने विशेष सघन सर्च अभियान चलाया। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के विभिन्न ट्रेनों से अपने-अपने गंतव्य लौटने के दौरान स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म तथा ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई। अभियान के दौरान यात्रियों के सामानों की गहन जांच की गई तथा संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर पैनी नजर रखी गई। अभियान का नेतृत्व रेल थाना के एसआई निरंजन कुमार रजक ने किया। उन्होंने बताया कि परीक्षा के कारण स्टेशन पर सामान्य दिनों की अपेक्षा काफी अधिक भीड़ रही।
इसे देखते हुए चोरी, छिनतई, संदिग्ध गतिविधियों अथवा किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोकने के लिए देर शाम व्यापक जांच अभियान चलाया गया। पुलिस टीम ने स्टेशन के प्रवेश एवं निकास द्वार, सभी प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय तथा विभिन्न ट्रेनों में लगातार गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने यात्रियों और परीक्षार्थियों से अपील की कि वे अपने सामान की स्वयं निगरानी रखें, किसी अनजान व्यक्ति का सामान न उठाएं तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु की सूचना तुरंत रेल पुलिस को दें। जांच अभियान में झक्खू उरांव, मुन्ना कुमार यादव, शुभलक्ष्मी कुमारी, शुभम कुमार एवं पूजा कुमारी सहित जीआरपी के अन्य जवान सक्रिय रूप से शामिल रहे।


