गौड़ाबौराम:युवाओं को अपने ही राज्य में नौकरी दिलाएंगे भाजपा विधायक सुजीत
गौड़ाबौराम के भाजपा विधायक सुजीत कुमार ने 25 हजार युवाओं को नौकरी देने की घोषणा की है। उनका लक्ष्य बिहार के युवाओं को दिल्ली और मुम्बई जैसे महानगरों में पलायन से रोकना है। कई कंपनियां युवाओं को टेक्निकल ट्रेनिंग देने के बाद उन्हें नौकरी देंगी।

ललन चौधरी,गौड़ाबौराम। गौड़ाबौराम के भाजपा विधायक सुजीत कुमार ने 25 हजार युवाओं को नौकरी दिलाने की घोषणा की है। जनसुराज के सूत्रधार व पटना के बांकीपुर विधायक प्रशांत किशोर के बाद अब सुजीत कुमार ने 25 हजार युवाओं को नौकरी देने की बात कही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि वे प्रशांत किशोर की तरह बिहार के युवाओं को दिल्ली, मुम्बई और गोवा जैसे महानगरों में भेजकर उन्हें पलायन नहीं करने देंगे। युवाओं को अपने राज्य में ही नौकरी का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि कई मैन पावर प्लेसमेंट एजेंसियां उनके लगातार सम्पर्क में हैं। उन्होंने बताया कि कंपनियां नौकरी पर रखने से पहले इच्छुक लोगों को एक महीने की टेक्निकल ट्रेनिंग देगी।
ट्रेनिंग पर जाने वाले युवाओं को आने-जाने का यात्रा भत्ता देने के साथ उनके भोजन व आवास की भी व्यवस्था की जाएगी। विधायक ने कहा कि प्रशांत किशोर पैसे वाले हैं। उन्हें तो बिहार में फैक्ट्री खोलनी चाहिए, ताकि राज्य के लोग नौकरी के लिए राज्य से बाहर नहीं जाएं।


