बाढ़ पीड़ितों की सेवा में कोताही बर्दाश्त नहीं: मंत्री
मंत्री ने चमथा दियारे के बाढ़ पीड़ितों से मिलकर सुनी उनकी पीड़ा ... बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री सह बेगूसराय जिले के प्रभारी मंत्री रामकृपाल यादव व अन्य। बछवाड़ा, निज संवाददा

बछवाड़ा, निज संवाददाता। बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री सह जिले के प्रभारी मंत्री रामकृपाल यादव ने बुधवार को चमथा दियारे के बाढ़ पीड़ितों के लिए चलाए जा रहे सामुदायिक किचन व विभिन्न बाढ़ आश्रय स्थलों का जायजा लिया। मंत्री अपने काफिले के साथ सर्वप्रथम सुबह 10:30 बजे विशनपुर पंचायत के बाढ़ पीड़ितों के लिए बनाए गए आश्रय स्थल मऊ धनेशपुर लंगड़ा ढाला स्थित मध्य विद्यालय पर पहुंचे। यहां उन्होंने बाढ़ पीड़ितों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनी। यहां डेरा डाले बाढ़ पीड़ितों ने कहा कि उन्हें भोजन में दोनों टाइम भात, दाल, सब्जी मिल रहा है। पशुपालकों ने मंत्री के समक्ष पशु चारा, पन्नी नहीं मिलने की बातें कही। मंत्री ने अंचल अधिकारी प्रीतम कुमार गौतम को बाढ़ पीड़ितों की शिकायत अविलंब दूर करने का निर्देश दिया। इसके बाद मंत्री का काफिला चमथा-दो व चमथा-तीन पंचायत के बाढ़ पीड़ितों की शरण स्थली उच्चतर माध्यमिक विद्यालय विद्यापति नगर पहुंचा। यहां बाढ़ पीड़ितों ने कहा कि उन्हें गुणवत्तापूर्ण भोजन नहीं मिल रहा है। बाहर के लोग खाना, पशु चारा समेत अन्य आवश्यक सामग्री लूट लेते हैं। विरोध करने पर बाहर के लोग बाढ़ प्रभावित लोगों के साथ मारपीट भी करते हैं। बाढ़ पीड़ितों ने कहा कि बछवाड़ा थानाध्यक्ष विकास कुमार राय एक बार भी उन सबों के बीच उपस्थित नहीं हुए हैं। इससे असामाजिक तत्वों का दबदबा सा कायम हो गया है। इस बात पर मंत्री ने सीओ को आवश्यक कदम उठाए जाने का निर्देश दिया। सीओ ने कहा कि वे लिखित रूप से थानाध्यक्ष को सूचित कर चुके हैं। इसके बावजूद किसी प्रकार का कोई संज्ञान नहीं लिया जा रहा है। मंत्री ने इसे गंभीर बताते हुए वरीय अधिकारी से बात करने की बात कही। प्रभारी मंत्री ने फ़ोन से बेगूसराय डीएम को प्लास्टिक शीट की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया। मंत्री ने कहा कि बाढ़ पीड़ितों की सुविधाओं में कोई भी कोताही बर्दाश्त नहीं होगी। सरकार के खजाने पर पहला अधिकार बाढ़ पीड़ितों का है। सरकार की ओर से उन्हें हर संभव सुविधाएं मुहैया कराई जानी है। मंत्री ने कहा कि इस बार बाढ़ के कारण बड़ी संख्या में लोग विस्थापित हुए हैं। जो परिवार खुले में अथवा अस्थायी ठिकानों पर रहने को मजबूर हैं, उन्हें प्लास्टिक शीट सहित जरूरी राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें बारिश और मौसम की परेशानियों से राहत मिल सके। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने तथा बाढ़पीड़ितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
गंगा के जलस्तर में मामूली कमी, दियारा के लोगों की मुश्किलें बरकरार
30 कम्युनिटी किचन में हजारों बाढ़ पीड़ितों को मिल रहा दोनों समय भोजन, 53 प्रभावित वार्डों में 58 नावों का परिचालन बलिया, एक संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र में गंगा के जलस्तर में मंगलवार की सुबह से बुधवार की सुबह तक मामूली कमी दर्ज की गई है। हालांकि, जलस्तर में कमी के बावजूद दियारा क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित लोगों की मुश्किलें कम नहीं हुई हैं। कई इलाकों में अब भी बाढ़ का पानी जमा रहने से लोगों को आवागमन समेत कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बाढ़ की इस विकट परिस्थिति में बलिया के आईएएस अधिकारी सह प्रशिक्षु एसडीएम अजय यादव लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेते हुए पीड़ितों तक आवश्यक सुविधाएं पहुंचाने में जुटे हैं। एसडीएम ने बताया कि प्रशासन की ओर से कुल 30 कम्युनिटी किचन संचालित किए जा रहे हैं, जहां प्रतिदिन हजारों बाढ़ पीड़ितों को दोनों समय भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रखंड क्षेत्र के कुल 53 प्रभावित वार्डों में 58 नावों का परिचालन कराया जा रहा है, ताकि बाढ़ प्रभावित लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। वहीं, बाढ़ पीड़ितों के बीच अब तक 5690 पॉलिथीन सीट का वितरण किया जा चुका है। एसडीएम ने बताया कि बाढ़ प्रभावित गांवों में कैंप लगाकर दवा वितरण की प्रक्रिया मंगलवार से शुरू कर दी गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को आवश्यक दवाएं उपलब्ध करा रही है। इसके अलावा बांध पर शरण लिए पशुपालकों के बीच पशु चिकित्सालय की ओर से लगातार पशुओं के लिए दवा एवं पशुचारा का वितरण किया जा रहा है। प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। अधिकारियों की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है तथा जरूरत के अनुसार प्रभावित लोगों तक आवश्यक सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं.
डीएम ने बलिया के सनहा-गोरगामा बांध पर बाढ़ प्रभावितों का लिया जायजा
बलिया, एक संवाददाता। जिलाधिकारी रिची पांडेय ने मंगलवार की देर शाम बलिया प्रखंड क्षेत्र के सनहा-गोरगामा बांध स्थित शादीपुर ढाला पहुंचकर बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने बांध पर रह रहे लोगों से बातचीत कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही राहत एवं आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली तथा उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान डीएम ने मौके पर संचालित सामुदायिक रसोई का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई एवं रसोई की व्यवस्था की जांच की। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को भोजन, शुद्ध पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा सहित अन्य जरूरी सुविधाएं नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया। डीएम ने अधिकारियों से बाढ़ की स्थिति और प्रभावित क्षेत्रों में चलाए जा रहे राहत कार्यों की भी जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने को कहा। मौके पर बलिया के अनुमंडल पदाधिकारी सह आईएएस अधिकारी अजय यादव, डीएसपी सुबोध कुमार, थानाध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे।

