ट्रक से बिहार भेजी जा रही 32 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद, दो गिरफ्तार
देवरिया जिले में शराब तस्करी तेज हो गई है। पुलिस ने एक ट्रक से 32 पेटी अंग्रेजी शराब एवं एक लग्जरी वाहन से 37 पेटी देसी शराब बरामद की। तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने वाहनों के स्वामियों के खिलाफ केस दर्ज किए हैं।

देवरिया, निज संवाददाता। जिले के रास्ते बिहार में एक बार फिर शराब तस्करी तेज हो गई है। सोमवार को बनकटा पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान रामपुर बुजुर्ग के समीप से एक ट्रक से बिहार भेजी जा रही 32 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद किया। साथ ही दो तस्करों को भी टीम ने गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
शराब की बरामदगी
बनकटा पुलिस भोर में गश्त पर थी। इस बीच सूचना मिली कि ट्रक से बिहार शराब की खेप भेजी जा रही है। सूचना के बाद पुलिस टीम सक्रिय हो गई और रामपुर बुजुर्ग चौराहे पर चेकिंग शुरू कर दी। इस बीच मझौलीराज की तरफ से तेज रफ्तार एक ट्रक आते हुए नजर आया। पुलिस टीम ने उसे रोक लिया। तलाशी ली गई तो ट्रक से 32 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की गई। इसके बाद पुलिस ने ट्रक में सवार रंजन कुमार निवासी सिवगोड़ी थाना सिवगोड़ी जिला पटना व सर्जुन कुमार निवासी तहबल बीघा मखदुमपुर जहानाबाद बिहार को गिरफ्तार कर लिया।
देसी शराब की बरामदगी
लग्जरी वाहन से 37 पेटी देसी शराब बरामद
बनकटा पुलिस ने रामपुर बुजुर्ग के चौहान टोला के समीप से लग्जरी वाहन से 37 पेटी देसी शराब बरामद किया। हालांकि तस्कर पुलिस के हाथ नहीं लग सके। पुलिस को मुखबिर ने सूचना दिया कि चौहान टोला के पास एक स्कार्पियो खड़ी है, जिससे बिहार शराब ले जाया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस हरकत में आ गई और छापेमारी की। वाहन से 37 पेटी देसी शराब बरामद की गई। इस मामले में पुलिस ने वाहन स्वामी शरीफ अहमद निवासी हाउस नंबर 141-41 न्यू हरिद्वार उत्तराखंड व वाहन चालक अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज किया है।


