बिहार में पहली बार होगी खेलों की चांसलर ट्रॉफी
बिहार के विश्वविद्यालयों में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए लोकभवन ने 'खेलों की चांसलर ट्रॉफी' की योजना बनाई है। इसमें विभिन्न विश्वविद्यालयों के बीच प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसका उद्देश्य खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना और खेल संस्कृति को विकसित करना है। प्रतियोगिता नवंबर से मार्च के बीच होगी।

भागलपुर, वरीय संवाददाता। बिहार के विश्वविद्यालयों में विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेल प्रतिभाओं को बढ़ाने के उद्देश्य से बिहार लोकभवन ने बड़ी पहल की योजना तैयार की है। इसके तहत बिहार में पहली बार ‘खेलों की चांसलर ट्रॉफी’ का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत अंतर विवि प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसके बाद जो विवि सर्वश्रेष्ठ खेलों का प्रदर्शन करेंगे, उन्हें बिहार के कुलाधिपति सह राज्यपाल के हाथों ‘खेलों की चांसलर ट्रॉफी’ प्रदान की जाएगी। लोकभवन के मुताबिक जल्द ही प्रतियोगिता को लेकर विस्तृत एसओपी जारी की जाएगी। लोकभवन के मुताबिक ‘खेलों की चांसलर ट्रॉफी’ के आयोजन में कुछ चुनिंदा खेलों को शामिल किया जाएगा, जो खेल शामिल किए जाएंगे, इसका निर्णय लेकर जल्द ही सूची जारी होने की संभावना है। इस प्रतियोगिता में राज्य के खेल विभाग को भी शामिल करने का निर्देश है, ताकि विभिन्न विश्वविद्यालयों में होने वाली खेल प्रतियोगिताएं सफलतापूर्वक संचालित की जा सके। यह खेलकूद प्रतियोगिता पहले विवि स्तरीय होगी। विभिन्न विवि की टीमें दूसरे विवि से खेल में भिड़ेंगी। ओवरऑल विजेता विवि को तय करने के लिए अंकों को आधार बनाया जाएगा。
नवंबर से मार्च के बीच कराने का निर्णय
नवंबर से मार्च के बीच मौसम काफी बेहतर होता है। इसी कारण तय किया गया है कि यह प्रतियोगिताएं इसी माह के बीच कराई जाएं। अलग-अलग चरणों में होने वाली प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी चिह्नित किया जाएगा। विवि स्तर पर बेहतर करने वाले खिलाड़ियों को विवि स्तर पर पुरस्कृत किया जाना है। चांसलर ट्रॉफी मिलने से विश्वविद्यालयों के बीच खेलों को लेकर प्रतिस्पर्धा बढ़ने की उम्मीद है।
खिलाड़ियों को मिलेगा नया मंच
विवि के पूर्व खेल सचिव डॉ. तपन कुमार घोष ने कहा कि चांसलर ट्रॉफी की पहल विश्वविद्यालयों में खेल संस्कृति विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस माध्यम से विवि प्रशासन द्वारा विद्यार्थियों को खेल में बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने को लेकर प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही खिलाड़ियों में नियमित अभ्यास और प्रतियोगिताओं में भाग लेने की रुचि बढ़ेगी।
चांसलर ट्रॉफी की पहल खिलाड़ियों के लिए अहम होगा। इस संबंध में दिशा निर्देश प्राप्त होते ही विवि खिलाड़ियों को चिह्नित खेलों के लिए तैयार करने के साथ टीम बनाएगी।
-डॉ. संजय कुमार जायसवाल, खेल सचिव, टीएमबीयू


