स्वास्थ्य मंत्री अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, दो डॉक्टरों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई का निर्देश

हिन्दुस्तान, हाजीपुर
Follow us on Google News
share

बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने बिना पूर्व सूचना के हाजीपुर के सदर अस्पताल का निरीक्षण किया। मंत्री ने अस्पताल की अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई और इमरजेंसी वार्ड में रिकॉर्ड की कमी को लेकर अधिकारियों को फटकारा। उन्होंने दवा वितरण में अनियमितताओं के लिए कार्रवाई का निर्देश दिया और सभी रेफरल मरीजों के लिए पुख्ता डेटा रखने को कहा।

स्वास्थ्य मंत्री अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, दो डॉक्टरों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई का निर्देश

बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार बिना किसी पूर्व सूचना के अचानक हाजीपुर के सदर अस्पताल पहुंच गए।

अस्पताल का निरीक्षण

मंत्री ने लगभग एक घंटे से अधिक अस्पताल के चप्पे-चप्पे का गहन निरीक्षण किया। इस औचक कार्रवाई से अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य महकमे के अधिकारियों के हाथ-पैर फूलने लगे। मंत्री ने इमरजेंसी वार्ड, आईसीयू, रोगी कल्याण समिति के कार्यालय और दवा काउंटर की व्यवस्थाओं को खुद अपनी आंखों से देखा। इस दौरान अस्पताल की बदहाल व्यवस्था और गंभीर कमियां उजागर होने पर मंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई। निरीक्षण के दौरान सबसे बड़ी लापरवाही इमरजेंसी वार्ड में देखने को मिली।

अधिकारियों की फटकार

मंत्री ने जब गंभीर मरीजों को पटना के पीएमसीएच रेफर किए जाने का रिकॉर्ड मांगा,तो अस्पताल प्रबंधन कोई डेटा पेश नहीं कर सका। वार्ड में यह तक रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं था कि किस मरीज को कौन सी दवा कब दी गई। इस पर नाराजगी जताते हुए मंत्री ने कहा कि हमने कहा है कि रेफर तभी करें जब उसकी जरूरत हो। इन्होंने रेफरल तो किया है लेकिन एंट्री नहीं की है। जिन अस्पतालों में रेफर किया गया है उनके पास डेटा है, लेकिन इनके पास नहीं है। हमने कहा है कि आप भी डेटा रखिए।

अनियमितताओं की जांच

दवा वितरण केंद्र की जांच में भी बड़ी अनियमितता मिली। दवाओं की ऑनलाइन एंट्री तो की जा रही थी, लेकिन स्टॉक और वितरण से जुड़े मुख्य रजिस्टर खाली पड़े थे। कौन सी दवा कब आई और किस मरीज को कब बांटी गई, इसका कोई लिखित रिकॉर्ड नहीं था। मंत्री ने कहा कि मेडिसिन की ऑनलाइन एंट्री की गई है लेकिन रजिस्टर में एंट्री नहीं है कि दवा कब आई और कब गई। ऑनलाइन के साथ-साथ रजिस्टर में भी एंट्री अनिवार्य है। ऑक्सीजन को लेकर भी सही जानकारी नहीं मिल पाई। मरीजों के जीवन से खिलवाड़ पर सख्त रुख अपनाते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने दो डॉक्टरों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई का निर्देश दिया।

नए नीतिगत निर्देश

जांच में सामने आया कि पटना रेफर किए जाने वाले मरीजों के पुर्जे पर पूरा डायग्नोसिस नहीं लिखा जा रहा था। मंत्री ने कहा कि बिना पूरी जांच और बीमारी का विवरण लिखे रेफर करना मरीज के जीवन को खतरे में डालना है। मंत्री ने नया नीतिगत निर्देश दिया कि अब सदर अस्पताल से किसी भी मरीज को पटना भेजने से पहले प्रबंधन को खुद पीएमसीएच प्रशासन से संपर्क कर बेड कन्फर्म करना होगा। तभी एम्बुलेंस रवाना होगी, ताकि मरीज को पटना में भटकना न पड़े। रेफरल केवल आपातकालीन स्थिति में ही किया जाए। निरीक्षण के दौरान डीएम बर्षा सिंह, सिविल सर्जन, डीपीएम कुमार मनोज, सदर अस्पताल अधीक्षक समेत कई आला अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री ने वार्डों में भर्ती मरीजों और परिजनों से मिलकर हाल-चाल जाना और मुफ्त दवा-भोजन के बारे में पूछा। बाद में मीडिया से बातचीत में मंत्री ने कहा कि सदर अस्पताल में कुछ गंभीर कमियां मिली हैं, जिन्हें दुरुस्त करने का कड़ा निर्देश दिया गया है। हर रेफरल मरीज का पुख्ता डेटा होना चाहिए, दवाओं का मिलान ऑनलाइन और रजिस्टर दोनों में अनिवार्य है। जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अधिकारी-डॉक्टर को बख्शा नहीं जाएगा। -अमिताभ सिंह

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

✦स्वास्थ मंत्री ने निरीक्षण के दौरान किस वार्ड में सबसे बड़ी लापरवाही देखी?−
स्वास्थ्य मंत्री ने निरीक्षण के दौरान इमरजेंसी वार्ड में सबसे बड़ी लापरवाही देखी।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Navratri 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsस्वास्थ्य मंत्री अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, दो डॉक्टरों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई का निर्देश