छापेमारी अभियान में 244.740 लीटर विदेशी शराब बरामद
बिहार सरकार की शराब निषेध नीति के अनुपालन के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। वैशाली के भगवानपुर थाना क्षेत्र में बखरा खुर्द गांव से 244.740 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। जिला पदाधिकारी ने अवैध शराब के निर्माण और तस्करी को रोकने के लिए सघन छापेमारी और निगरानी की जानकारी दी है।

बिहार सरकार की पूर्ण मद्य निषेध एवं उत्पाद नीति का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराने तथा अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिले में निरंतर विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में उत्पाद विभाग, वैशाली द्वारा की गई कार्रवाई में भगवानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बखरा खुर्द गांव से 244.740 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि बिहार सरकार की शराबबंदी नीति को प्रभावी ढंग से लागू कराने के लिए जिले में लगातार सघन छापेमारी,खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई तथा नियमित निगरानी की जा रही है।
अवैध रूप से शराब के भंडारण,परिवहन, बिक्री अथवा तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप कठोर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। बरामद विदेशी शराब को विधि सम्मत प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया गया है। मामले में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान एवं शराब की आपूर्ति श्रृंखला का पता लगाने के लिए उत्पाद विभाग द्वारा अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है। -अमिताभ सिंह


