स्कूल भवन, कक्षा, रसोईघर व शौचालयों का होगा कायाकल्प
बेतिया में सरकारी विद्यालयों की आधारभूत संरचना को सुधारने के लिए सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान शुरू किया गया है। यह अभियान 30 नवंबर तक पुराने भवनों और सुविधाओं की मरम्मत, पेयजल, बिजली और अन्य आवश्यक सेवाओं को सक्रिय करने का लक्ष्य रखता है। नए आधारभूत ढांचे का निर्माण 31 मार्च 2027 तक पूरा करने का संकल्प है।

बेतिया। जिले में सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान के तहत सरकारी विद्यालयों की आधारभूत संरचना को दुरुस्त करने की कवायद शुरू हो गई है। बिहार सरकार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत के निर्देश पर जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने संबंधित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने की तैयारी की है।
अभियान की कार्यप्रणाली
अभियान के तहत पुराने विद्यालय भवनों और उपलब्ध परिसंपत्तियों की मरम्मत से लेकर नई आधारभूत संरचनाओं के निर्माण तक के कार्य किए जाएंगे। विद्यालय भवनों एवं वर्ग कक्षों की मरम्मत और रंग-रोगन, रसोईघर की मरम्मत व रखरखाव तथा शौचालयों की मिशन मोड में सफाई कराई जाएगी। इसके साथ ही विद्यालयों में पेयजल, बिजली और अन्य आवश्यक सुविधाओं को क्रियाशील किया जाएगा। इन कार्यों को 30 नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
अभियान की निगरानी
अभियान की निगरानी के लिए जिला स्तर पर गठित अनुश्रवण समिति में जिला शिक्षा पदाधिकारी को भी सदस्य बनाया गया है। वे विद्यालयों से संबंधित योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रगति की लगातार निगरानी करेंगे। इससे विद्यालयों में चयनित कार्यों को समय पर पूरा कराने और योजनाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर रहेगा। सरकार के इस पहल से सुदूर इलाकों में बने जर्जर स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं को उपलब्ध कराने में जिला प्रशासन को भी मदद मिलेगी।
अभियान का दूसरा चरण
अभियान के दूसरे चरण में नई आधारभूत संरचनाओं का निर्माण कराया जाएगा। इसके तहत अतिरिक्त वर्ग-कक्ष, भवनविहीन विद्यालयों में भवन, आवश्यकता के अनुसार नए शौचालय और चहारदीवारी का निर्माण कराया जाएगा। इन कार्यों को 31 मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वही, विद्यालयों की मौजूदा परिसंपत्तियों की मरम्मत का काम समग्र शिक्षा के समग्र विद्यालय अनुदान तथा आवश्यकता के अनुसार माध्यमिक व उच्च माध्यमिक विद्यालयों के विकास कोष से कराया जाएगा। वहीं नई आधारभूत संरचनाओं का निर्माण संबंधित योजना प्रावधानों और विकसित भारत-जी राम जी से किया जाएगा।


