सुपौल : मछली पालकों को मुनाफा संग मिलेगा अनुदान, मछली बीज उत्पादन में आत्मनिर्भरता पर जोर

हिन्दुस्तान, सुपौल
Follow us on Google News
share

बिहार राज्य सरकार उन्नत मत्स्य बीज उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए कई पहलों पर काम कर रही है, जिसमें अनुदान, प्रशिक्षण और हैचरी के विकास शामिल हैं। मुख्यमंत्री तालाब मात्स्यिकी विकास योजना के तहत मछली पालकों को वित्तीय सहायता दी जा रही है। इससे मत्स्य पालन में आत्मनिर्भरता बढ़ रही है और उत्पादकता में वृद्धि हो रही है।

सुपौल : मछली पालकों को मुनाफा संग मिलेगा अनुदान, मछली बीज उत्पादन में आत्मनिर्भरता पर जोर
सुपौल : मछली पालकों को मुनाफा संग मिलेगा अनुदान, मछली बीज उत्पादन में आत्मनिर्भरता पर जोर

सुपौल, वरीय संवाददाता। सूबे में उन्नत मत्स्य बीज उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार मत्स्य प्रशिक्षण, हैचरी के विकास, मछली पालन के लिए अनुदान देने जैसी कई पहल कर रही है, ताकि मछली उत्पादन को आत्मनिर्भर बनाया जा सके और इस क्षेत्र में अन्य राज्यों पर निर्भरता कम हो। बिहार में पहले से ही मत्स्य उत्पादन बढ़ा है और अब मछली बीज के उत्पादन को बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री तालाब मात्स्यिकी विकास योजना

मुख्यमंत्री तालाब मात्स्यिकी विकास योजना के तहत मछली पालकों को वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। इस योजना में पांच प्रमुख श्रेणियां शामिल है। सभी श्रेणी में इकाई लागत का 50 से 70 फीसदी तक की भारी सब्सिडी दी जा रही है। जहां सामान्य वर्ग के मछली पालकों को 50 फीसदी की सब्सिडी दी जा रही है। इस योजना से राज्य को मत्स्य उत्पादन के साथ-साथ मत्स्य बीज उत्पादन में भी आत्मनिर्भर बनाने की कोशिश की जा रही है। इस योजना का क्रियान्वयन राज्य के सभी जिलों में की जा रही है। बीते तीन साल में मछली पालकों को 339 करोड़ 46 लाख रूपये का अनुदान दिया जा चुका है। जिसका लाभ उठाकर राज्य के मछली पालक आत्मनिर्भर हुए हैं।

गुणवत्ता वाले मछली के बीज

राज्य सरकार स्थानीय स्तर पर गुणवत्ता वाले मछली के बीज उपलब्ध कराने के लिए अच्छी नस्ल के बीज का उत्पादन कर रही है। मछली पालकों को अनुदान देकर प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें। बायोफ्लॉक और आरएएस इकाई स्थापित की जा रही हैं, जिससे कम पानी में भी मछली का उत्पादन बढ़ रहा है। देसी मत्स्य प्रजातियों जैसे माइनर कार्प और कैटफ़िश के बीज उत्पादन पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

अनुदान की श्रेणियां

मुख्यमंत्री तालाब मात्स्यिकी विकास योजना के तहत जिन पांच श्रेणियों मे अनुदान दिया जाता है, उसमें पहली श्रेणी उन्नत मत्स्य उत्पादन की है, जिसका लाभ लेने के लिए 0.5 एकड़ वाली प्रति इकाई लागत एक लाख रूपये का 50-70 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा। वहीं दूसरी श्रेणी ट्यूबवेल तथा पम्प सेट अधिष्ठापन की है, इसके लिए 1.2 लाख रूपये की इकाई लागत पर 50-60 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा। तीसरी श्रेणी तालाब मात्स्यिकी के लिए यांत्रिक एरेटर लगाने पर प्रति इकाई लागत 50 हजार रूपये का 50-70 प्रतिशत अनुदान देय होगा। चौथी श्रेणी कार्प हैचरी इनपुट सहायता की है, इसमें इकाई की लागत 8 लाख रूपये का 50-70 प्रतिशत अनुदान देय है। वही पांचवीं श्रेणी मत्स्य बीज हैचरी का जीर्णोंद्धार एवं उन्नयन की है, जिसमें इकाई लागत 5 लाख रूपये होने पर 50-70 प्रतिशत अनुदान मिलेगा।

जिला मत्स्य पदाधिकारी का बयान

जिला मत्स्य पदाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री तालाब मात्स्यिकी विकास योजना के तहत 0.5 एकड़ वाली इकाई के लिए 50-70% तक अनुदान दिया जा रहा है। जिले में उन्नत मत्स्य बीज उत्पादन के लिए चालू वित्तीय वर्ष में 14 यूनिट के लिए 3.36 लाख अनुदान दिया जाना है। इसके लिए किसानों से आवेदन लिए जा रहे हैं। जिला मत्स्य पदाधिकारी ने बताया कि जिले में 1513 एकड़ जलकर क्षेत्र में मत्स्य बीज का उत्पादन हो रहा है। इतना ही नहीं आधा एकड़ में तालाब बनाने के लिए सरकार तीन लाख 75 हजार रुपये अनुदान देगी। राहत की बात यह है कि बोरिंग कराने, मोटर लगाने और पम्पहाउस स्थापित करने के लिए भी सब्सिडी का प्रावधान किया गया है। इस साल सुपौल जिले में 14 तालाबों का निर्माण कराने का लक्ष्य रखा गया है।

विशेष सहायता योजना

विशेष सहायता योजना के तहत अत्यंत पिछड़ा वर्ग (ईबीसी) के चार तो एससी के लिए 6 किसान और एसटी वर्ग के लिए 4 किसान योजना का लाभ ले सकते हैं। समान्य वर्ग को योजना में शामिल नहीं किया गया है। प्रति यूनिट (आधा एकड़) की स्थापना पर लागत करीब पांच लाख आएगी। इसमें तालाब के निर्माण पर करीब 2.80 लाख, बोरिंग और मोटर लगाने पर एक लाख 20 हजार तो पम्प हाउस बनाने पर एक लाख खर्च होगा। तालाब के पानी में मछलियों के लिए पर्याप्त ऑक्सीजन की उपलब्धता के लिए एक एयररेटर मशीन भी लगानी है। इसकी लागत 50 हजार निर्धारित की गयी है। सभी को मिलकर 70 फीसद अनुदान का प्रावधान किया गया है। किसानों लीज पर जमीन लेकर भी मछलीपालन यूनिट की स्थापना कर सकते हैं। शर्त यह कि एक हजार के स्टाम्प पेपर पर जमीन मालिक से कम से कम नौ साल के लिए लीज का दस्तावेज तैयार करना होगा। इसे आवेदन के साथ देना होगा।

मत्स्य किसानों के भ्रमण-दर्शन कार्यक्रम

इसी कड़ी में मंगलवार को डीएम सावन कुमार ने मत्स्य किसानों के भ्रमण-दर्शन कार्यक्रम के तहत बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। जिलाधिकारी सावन कुमार ने बताया कि इस भ्रमण-दर्शन कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के मत्स्य कृषकों को मात्स्यिकी की नवीनतम एवं उन्नत तकनीकों से अवगत कराना है, ताकि वे इन तकनीकों से प्रेरित होकर इन्हें अंगीकार करते हुए अपने-अपने जलस्रोतों में लागू कर लाभान्वित हो सकें। इस योजना के सफल क्रियान्वयन से जिले में मत्स्य उत्पादन एवं उत्पादकता में अभिवृद्धि होने के साथ-साथ रोजगार के नए अवसरों का सृजन तथा मत्स्य पालकों की वार्षिक आय में भी वृद्धि हो सकेगी।

सामान्य प्रश्न

✦मुख्यमंत्री तालाब मात्स्यिकी विकास योजना क्या है?−
मुख्यमंत्री तालाब मात्स्यिकी विकास योजना के तहत मछली पालकों को वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी, जिसमें पाँच प्रमुख श्रेणियाँ शामिल है।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Navratri 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsसुपौल : मछली पालकों को मुनाफा संग मिलेगा अनुदान, मछली बीज उत्पादन में आत्मनिर्भरता पर जोर