17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान
सार्वजनिक परिसंपत्तियों के सुदृढ़ीकरण और जनसुविधाओं के उन्नयन पर जोर की अध्यक्षता में शुक्रवार को सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान की समीक्षा को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के मा

बिहार के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में शुक्रवार को सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान की समीक्षा को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य के सभी जिलों के डीएम एवं एसपी शामिल हुए। औरंगाबाद से डीएम अभिलाषा शर्मा, एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा, डीडीसी कुमारी अनुपम सिंह, जिला पंचायत राज पदाधिकारी इफ्तेखार अहमद, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्वेता प्रियदर्शी एवं निदेशक आदि ने भाग लिया।
अभियान का उद्देश्य
बैठक में बताया गया कि राज्य सरकार की ओर से सार्वजनिक परिसंपत्तियों के सुदृढ़ीकरण, अनुरक्षण एवं जनसुविधाओं के उन्नयन के उद्देश्य से 17 सितंबर से 31 मार्च तक सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान चलाया जाएगा। पूर्व से मौजूद सार्वजनिक परिसंपत्तियों की मरम्मत, सुदृढ़ीकरण एवं आवश्यक जनसुविधाओं को क्रियाशील करने के साथ आवश्यकता के अनुसार नई आधारभूत संरचनाओं का निर्माण किया जाएगा।
क्रियान्वयन प्रक्रिया
अभियान का क्रियान्वयन शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण, पिछड़ा एवं अतिपिछड़ा कल्याण, ग्रामीण विकास, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण, पंचायती राज तथा नगर विकास एवं आवास विभाग के बीच समन्वय एवं अभिसरण के माध्यम से किया जाएगा। विद्यालयों में भवन, वर्ग-कक्ष, रसोई शेड, शौचालय आदि की मरम्मत, रंग-रोगन एवं साफ-सफाई के साथ जरूरत के अनुसार अतिरिक्त वर्ग-कक्ष एवं भवनों का निर्माण किया जाएगा।
स्वच्छता अभियान के तहत कार्य
स्वास्थ्य संस्थानों में मरम्मत, साफ-सफाई एवं मरीजों के अनुकूल सुविधाओं का विकास किया जाएगा। आंगनबाड़ी केंद्रों के अनुरक्षण, मरम्मत, साफ-सफाई एवं सौंदर्यीकरण के साथ आवश्यकता वाले स्थानों पर नए केंद्र भवनों का निर्माण भी किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान, पेयजल परिसंपत्तियों का अनुरक्षण, शिकायतों का त्वरित निवारण, निर्माणाधीन पेयजल योजनाओं को दिसंबर 2026 तक पूरा करने, सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने तथा गली-नाली के पक्कीकरण जैसे कार्य किए जाएंगे।
योजनाओं का चयन और प्रविष्टि
शहरी क्षेत्रों में सार्वजनिक परिसंपत्तियों एवं स्ट्रीट लाइट की मरम्मत तथा जरूरत के अनुसार नई परिसंपत्तियों का निर्माण किया जाएगा। अभियान के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत में लगभग 10 योजनाओं का चयन किया जाना है। योजनाओं के चयन से पहले भूमि की उपलब्धता, तकनीकी विवरण एवं अन्य आवश्यक जानकारियों को दर्ज किया जाएगा। इसके बाद ग्राम सभा की विशेष बैठक में योजनाओं का अनुमोदन कराया जाएगा। चयनित योजनाओं की प्रविष्टि सेवा संकल्प पोर्टल पर की जाएगी। सभी ग्राम पंचायतों की चयनित योजनाओं की पोर्टल पर प्रविष्टि अगले सात दिनों के भीतर करने का निर्देश दिया गया है।
समय सीमा
प्रत्येक योजना से संबंधित विभाग, गतिविधि श्रेणी, योजना का नाम, कार्य विवरण, अनुमानित लागत, मानव दिवस, भू-निर्देशांक सहित कुल 14 आवश्यक विवरण पोर्टल पर दर्ज किए जाएंगे। 17 सितंबर को शुभारंभ एवं ग्राम सभा की विशेष बैठक में योजनाओं का अनुमोदन, अगले सात दिनों में पोर्टल पर योजनाओं की प्रविष्टि, 30 नवंबर तक सभी रख-रखाव एवं सौंदर्यीकरण कार्यों को पूरा करने तथा 31 मार्च 2027 तक सभी स्वीकृत नई आधारभूत संरचनाओं के कार्य पूर्ण करने की समय सीमा निर्धारित की गई है।


