सम्राट सरकार को केंद्र का पूरा सहयोग : शिवराज
शिविरों में रह रहे लोगों और बच्चों से किया संवाद सुविधाओं का फीडबैक लिया, लोगों

भागलपुर/मुंगेर, हिन्दुस्तान टीम। केंद्रीय कृषि व ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बिहार में बाढ़ के स्थायी समाधान के लिए सम्राट चौधरी की सरकार को केंद्र से पूरा सहयोग मिलेगा। राहत कार्यों में कोई कमी नहीं होगी। केंद्र सरकार बाढ़ संकट में बिहार के साथ मजबूती से खड़ी है। केंद्रीय मंत्री ने ये बातें बुधवार को मुंगेर और भागलपुर में राहत शिविर के निरीक्षण के दौरान पत्रकारों से कही। बता दें कि कृषि मंत्री मुंगेर में नौवागढ़ी के उच्च विद्यालय सीताकुंड और भागलपुर में पॉलिटेक्निक कॉलेज मैदान में संचालित बाढ़ राहत शिविरों में रह रहे लोगों और बच्चों से संवाद भी किया। संवाद के दौरान राज्य सरकार की व्यवस्था पर प्रभावित लोगों ने संतोष व्यक्त किया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि, बिहार में बाढ़ की स्थिति वाकई भयानक है। लेकिन जिस तरह राहत शिविरों में बाढ़ पीड़ितों की सेवा की जा रही है, वह संतोषजनक है। शिविर में रह रहे बच्चों के लिए अस्थायी विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन, फिजिकल एक्टिविटी, योगा क्लास, मनोरंजन आदि के उपाय किए गए हैं। ये नजीर है। किसानों को फसलों की क्षति का मुआवजा, नये सीजन के लिए बीज की उपलब्धता आदि कराई जाएगी। क्षतिग्रस्त मकानों और मवेशियों की क्षति का सटीक आकलन करने के लिए केंद्रीय टीम भी विभिन्न क्षेत्रों में पहुंची है। उनकी रिपोर्ट पर हर संभव वित्तीय मदद दी जाएगी.
मुख्यमंत्री का बयान
मुंगेर-भागलपुर मरीन ड्राइव बांध सह सड़क मॉडल का होगा
केंद्रीय मंत्री के साथ आए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में आयी बाढ़ से पीएम भी चिंतित हैं। पीएम के निर्देश पर कृषि मंत्री हालात का अध्ययन करने आए हैं। हवाई सर्वेक्षण के दौरान बाढ़ग्रस्त जिलों की स्थिति का आकलन किया गया है। डूबे खेत, मकान, पेड़-पौधे और जगह-जगह अस्थायी रूप से डेरा डाले बाढ़ पीड़ितों के दर्द को महसूस किया गया है। सभी जिलों की स्थिति की समीक्षा हो रही है। प्रथम चरण में सूबे के आठ लाख बाढ़ प्रभावितों के खाते में सात-सात हजार रुपये डीबीटी से ट्रांसफर किया गया है। शेष बाढ़ प्रभावित, जिन्हें जीआर राशि नहीं मिली है, उनका नाम भी पोर्टल पर अपलोड करते हुए जांचोपरांत भुगतान किया जाएगा। जिनके घर में पानी रहा है, उन्हें हर हाल में राशि उपलब्ध करायी जाएगी.
बाढ़ का स्थायी समाधान
मुख्यमंत्री ने कहा, बिहारवासियों की हमेशा से मांग रही है कि बाढ़ का स्थायी समाधान हो। इसके लिए मुंगेर से भागलपुर के बीच प्रस्तावित मरीन ड्राइव (गंगा पथ) के निर्माण का स्वरूप बदलेगा। पहले एलिवेटेड रोड बनाने की योजना थी। लेकिन अब एट-ग्रेड मॉडल (बांध सह सड़क) पर मरीन ड्राइव बनेगा। गंगा, कोसी और गंडक के स्ट्रेच को जोड़ने का काम भी किया जाएगा। इस मौके पर भागलपुर के प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्रा, सांसद अजय कुमार मंडल, विधायक रोहित पांडेय आदि मौजूद रहे.

