किशनगंज: मात्स्यिकी महाविद्यालय अर्राबाड़ी में 9वें स्थापना दिवस पर कार्यक्रम
बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के मात्स्यिकी महाविद्यालय ने 9वें स्थापना दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया। इनमें मैराथन दौड़ और रक्तदान अभियान शामिल हैं। ये कार्यक्रम विद्यार्थियों और युवाओं में स्वस्थ जीवनशैली, शारीरिक फिटनेस एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश देने के लिए थे।

पोठिया से गोपाल चौधरी की रिपोर्ट बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, पटना के अंतर्गत मात्स्यिकी महाविद्यालय, अर्राबाड़ी, किशनगंज के 9वें स्थापना दिवस के अवसर पर विभिन्न शैक्षणिक, सामाजिक एवं।जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। स्थापना दिवस समारोह के तहत विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं क्षेत्र के मत्स्य पालकों की सहभागिता से विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 7 सितंबर 2026 को प्रातः 5:30 बजे मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। मैराथन का शुभारंभ मात्स्यिकी महाविद्यालय के अकादमिक भवन से हुआ। महाविद्यालय के प्रतिभागियों ने अकादमिक भवन से महाविद्यालय के फार्म कार्यालय तक दौड़ लगाई तथा वहां से पुनः कॉलेज परिसर में लौटे।
मैराथन के माध्यम से विद्यार्थियों एवं युवाओं में स्वस्थ जीवनशैली, शारीरिक फिटनेस, अनुशासन, खेल भावना एवं सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया गया। स्थापना दिवस समारोह के अंतर्गत पूर्वाह्न में महाविद्यालय परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें महाविद्यालय के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस मानवीय एवं सामाजिक पहल के माध्यम से कॉलेज परिवार ने मानव सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं संवेदनशीलता का संदेश दिया।


