सेवा विस्तार व सुधार न होने से महारैली का बिगुल फूंका
बिहार राज्य पंचायत रोजगार सेवक संघ ने सिवान में एक बैठक आयोजित की, जिसमें रोजगार सेवकों ने 20 वर्षों में सेवा शर्तों में सुधार न होने पर आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने सरकार के खिलाफ एकजुट होकर जिला स्तर पर बड़े धरना-प्रदर्शन की तैयारी की है। वक्ताओं ने दो दशकों की अनदेखी को बर्दाश्त न करने की बात कही।

पचरुखी, एक संवाददाता। बिहार राज्य पंचायत रोजगार सेवक संघ के आह्वान पर रविवार को सिवान जिला इकाई द्वारा मनरेगा भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस दौरान लगभग 20 वर्षों की लंबी सेवा अवधि के बाद भी पंचायत रोजगार सेवकों की सेवा शर्तों में सुधार न होने और उन्हें जी राम जी योजना जैसी व्यवस्थाओं में उलझाए रखने पर कर्मियों ने कड़ा आक्रोश व्यक्त किया। नाराज रोजगार सेवकों ने सरकार की नीतियों के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का ऐलान करते हुए सिवान के सभी प्रखंडों के कर्मियों से आगामी जिला स्तरीय विशाल धरना-प्रदर्शन में एकजुट होकर शामिल होने का आह्वान किया।
वक्ताओं ने कहा कि दो दशकों के समर्पण के बावजूद उनकी अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस रणनीतिक बैठक में संघ के प्रदेश अध्यक्ष कमलेश कुमार कमल, जिलाध्यक्ष दिलीप यादव, जिला सचिव राजन कुमार वर्मा, विवेकानंद, राजेश कुमार, नीतीश, राघवेंद्र कुमार, अवनीश भारद्वाज, चंद्रशेखर सिंह और हरेंद्र साह सहित भारी संख्या में स्थानीय रोजगार सेवक उपस्थित रहे।


