दुर्गा पूजा को लेकर ऊर्जा विभाग पूरी तरह तैयार : मंत्री
बिहार में दुर्गापूजा के दौरान निर्बाध और सुरक्षित बिजली आपूर्ति के लिए ऊर्जा विभाग ने तैयारियां की हैं। पूजा पंडालों और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में जर्जर तार बदले जा रहे हैं तथा 11 केवी लाइनों पर कवर्ड कंडक्टर और गार्ड वायर लगाए जा रहे हैं। एलटी तारों को एबी केबल में बदलने, ट्रांसफार्मरों की फेंसिंग और 24 घंटे नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था की गई है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में भी तैयारी है।

नारायणपुर, संवाद सूत्र। दुर्गापूजा के अवसर पर बिहारवासियों को निर्बाध एवं सुरक्षित विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए ऊर्जा विभाग ने व्यापक तैयारियां की हैं। नवरात्र के दौरान पूजा पंडालों, मेला क्षेत्रों तथा भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर विद्युत सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी विद्युत सर्किलों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
विद्युत सुरक्षा के लिए तैयारियां
राज्य के ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि विद्युत व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से जर्जर विद्युत तारों को समय रहते बदलने का कार्य किया जा रहा है। भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में 11 केवी की बेयर कंडक्टर लाइनों में आवश्यकतानुसार कवर्ड कंडक्टर एवं गार्ड वायर लगाए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त, एलटी के नंगे तारों को एबी केबल में बदलने तथा वितरण ट्रांसफार्मरों की फेंसिंग का कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है।
निर्बाध आपूर्ति और आपात व्यवस्था
उन्होंने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की विद्युत दुर्घटना की आशंका को न्यूनतम करने के लिए मुख्यालय स्तर पर 24 घंटे नियंत्रण कक्ष कार्यरत रहेगा। इसके साथ ही, आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए पर्याप्त संख्या में अधिकारियों एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में भी सुरक्षित एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक तैयारियां की गई हैं।


