केंद्र फरक्का बराज के लिए बिहार की चिंताओं पर संजीदा : विजय चौधरी
उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने कहा कि केन्द्र सरकार फरक्का बराज और भारत-बांग्लादेश संधि के नवीकरण के प्रति गंभीर है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने नवीकरण समीक्षा का भरोसा दिया। बैठक में नेपाल में कोसी एवं अन्य नदियों पर जलाशय निर्माण और बिहार के प्रतिनिधि को शामिल करने पर चर्चा हुई।

उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने कहा है कि केन्द्र सरकार फरक्का बराज और भारत-बांग्लादेश संधि के नवीकरण को लेकर बिहार की चिंताओं पर संजीदा है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने इस वर्ष के अंत में संधि नवीकरण के समय समीक्षा करने का भरोसा दिया है। उपमुख्यमंत्री ने दिल्ली में हुई उच्च स्तरीय बैठक में बिहार से संबंधित दशकों से चली आ रही समस्याओं के निदान की पहल पर प्रसन्नता व्यक्त की। कहा कि बैठक में विशेष रूप से नेपाल में कोसी एवं अन्य नदियों पर प्रस्तावित उच्चस्तरीय जलाशय निर्माण पर चर्चा हुई। साथ ही, उच्चस्तरीय जलाशय के लिए संयुक्त परियोजना कार्यालय, विराटनगर में बिहार के प्रतिनिधि को शामिल करने का निर्देश दिया गया।उपमुख्यमंत्री
ने कहा कि यह बैठक मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की पहल पर बुलाई गई थी। इसमें केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और विदेश मंत्री एस. जयशंकर के अलावा जल शक्ति मंत्रालय तथा विदेश मंत्रालय के साथ वित्त विभाग के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे। बिहार की तरफ से मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री के अलावा सांसद संजय कुमार झा भी मौजूद थे। विदेश मंत्री ने इसमें सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया। उसके बाद केन्द्रीय वित्त मंत्री की ओर से बताया गया कि पूर्व में 2024-25 एवं 2025-26 की बजट प्रावधानों में सिंचाई एवं बाढ़ प्रक्षेत्र में विशेष मदद की घोषणा की गई है। उप मुख्यमंत्री ने बताया कि कोसी-मेची लिंक के साथ अन्य परियोजनाओं में प्रक्रियात्मक विलंब पर वित्त मंत्री ने त्वरित गति से सारी औपचारिकताएं पूरी करने का निर्देश दिया।


