पैनल-राम मंदिर चंदा मुद्दे पर 16 जुलाई को जिले में कांग्रेस का प्रदर्शन
बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राम मंदिर के चंदे और चढ़ावे के मुद्दे पर विशाल प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। यह प्रदर्शन 16 जुलाई को राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में आयोजित होगा। कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा-आरएसएस पर आरोप लगाते हुए प्रदर्शन करेंगे कि वे आस्था के नाम पर राजनीति कर रहे हैं और चढ़ावे के जरिए लूट कर रहे हैं।

मुंगेर। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर राम मंदिर के चंदे और चढ़ावे के मुद्दे को लेकर 16 जुलाई को मुंगेर सहित राज्य के सभी जिला मुख्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर एक साथ विशाल प्रदर्शन आयोजित करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय सचिव नलिन कुमार ने सोमवार को कार्यालय आदेश जारी कर सभी जिलाध्यक्षों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। जारी आदेश में कहा गया है कि कांग्रेस कार्यकर्ता राम मंदिर के चंदे की आड़ में आस्था के नाम पर राजनीति किए जाने तथा चढ़ावे के नाम पर भाजपा-आरएसएस द्वारा कथित रूप से बड़े पैमाने पर की जा रही लूट के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे।
कार्यक्रम में पार्टी के सभी स्तर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार मिश्रा ने कहा कि पार्टी अगला कार्यक्रम के आदेश का मुंगेर जिले में पूरी तरह से पालन किया जाएगा।


