पार्टी विरोधी गतिविधि पर कांग्रेस के छह नेताओं को नोटिस
दिल्ली में बिहार प्रदेश नेतृत्व के विरोध में धरना-प्रदर्शन में शामिल होने का आरोप, 72 घंटे में मांगा जवाब समिति ने पार्टी विरोधी गतिविधि के आरोप में जिले के छह नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।...

बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अनुशासन समिति ने पार्टी विरोधी गतिविधि के आरोप में जिले के छह नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इनमें पूर्व जिलाध्यक्ष मृत्युंजय सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश सिंह पप्पू, कुटुंबा के मो. मुराद आलम, औरंगाबाद के शैलेंद्र दुबे, अंबा के नरेंद्र सिंह और औरंगाबाद के मो. इरफानुल हक शामिल हैं। समिति के अध्यक्ष कपिलदेव प्रसाद यादव की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि सोशल मीडिया और अन्य प्रमाणिक माध्यमों से जानकारी मिली है कि उक्त नेता नई दिल्ली स्थित एआईसीसी मुख्यालय के पास बिहार प्रदेश नेतृत्व के विरोध में आयोजित धरना-प्रदर्शन में सक्रिय रूप से शामिल हुए।
इसे पार्टी की नीति, अनुशासन और निर्देशों का उल्लंघन बताते हुए घोर अनुशासनहीनता माना गया है। सभी नेताओं से नोटिस प्राप्त होने के 72 घंटे के भीतर अनुशासन समिति के समक्ष लिखित स्पष्टीकरण देने को कहा गया है। निर्धारित अवधि में जवाब नहीं देने या स्पष्टीकरण असंतोषजनक पाए जाने पर नियमानुसार एकतरफा कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।


