बेगूसराय के बछबाड़ा में राजकीय डिग्री कॉलेज का विधायक ने किया उद्घाटन
बिहार सरकार के निश्चय 3.0 कार्यक्रम के तहत, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 211 प्रखंडों में डिग्री महाविद्यालयों का उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम में विधायक सुरेंद्र मेहता और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही। स्थानीय विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा में सहूलियत मिलेगी, खासकर लड़कियों को।

बिहार सरकार के निश्चय 3.0 उन्नत शिक्षा, उज्ज्वल भविष्य कार्यक्रम के तहत बुधवार को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पूर्व मुख्यमंत्री शनीतीश कुमार के सपनों को साकार करते हुए राज्य के 211 प्रखंडों में एक साथ डिग्री महाविद्यालयों का उद्घाटन किया। इन्हीं महाविद्यालयों में से एक राजकीय डिग्री महाविद्यालय, बछवाड़ा का भी शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व मंत्री सुरेंद्र मेहता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके अतिरिक्त स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षाविद् तथा महाविद्यालय में नामांकित छात्र-छात्राएँ भी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
उद्घाटन समारोह
कार्यक्रम के प्रारंभ में सभी उपस्थित अतिथियों एवं विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री द्वारा आयोजित उद्घाटन समारोह का सीधा प्रसारण देखा। उसके बाद विधायक सुरेंद्र मेहता द्वारा राजकीय डिग्री महाविद्यालय, बछवाड़ा के शिलापट्ट का अनावरण किया गया. साथ ही फीता काटकर महाविद्यालय का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों एवं उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों में हर्ष एवं उत्साह का वातावरण देखने को मिला।
महत्वपूर्ण पहल
विधायक ने सीएम सम्राट व पूर्व सीएम नीतीश को बताया महानायक विधायक व पूर्व मंत्री सुरेंद्र मेहता ने इसे क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि अब स्थानीय विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज़ नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने इस महत्त्वपूर्ण पहल के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इससे खासकर लड़कियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने सहूलियत होगी। विधायक ने डिग्री कॉलेज खोलने के लिए सीएम सम्राट व पूर्व सीएम नीतीश को महानायक बताया।
उच्च शिक्षा का विस्तार
डिग्री कॉलेज खुलने से ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे के खुले विकास के द्वार अपने स्वागत भाषण में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अवधेश कुमार सिंह ने कहा कि प्रखंड में महाविद्यालय की स्थापना से स्थानीय छात्र-छात्राओं, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों, को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में अत्यधिक सुविधा होगी। इससे क्षेत्र में उच्च शिक्षा का विस्तार होगा तथा बिहार शिक्षा के क्षेत्र में और अधिक प्रगति करेगा।
कार्यक्रम का समापन
इस अवसर पर महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ. श्रवण कुमार महंथ, श्री आत्माराम दास, जिला परिषद सदस्य श्री मनमोहन, स्थानीय मुखिया, मुखिया संघ के अध्यक्ष, प्लस-2 उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षकगण सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ。


