देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं युवा : सरावगी
बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने पीएम मोदी के 'मन की बात' के 137वें संस्करण को दरभंगा में सुना। उन्होंने युवा शक्ति और आत्मनिर्भरता को बढ़ाने के लिए कई अभियानों का जिक्र किया, जैसे 'नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत' और 'वोकल फॉर लोकल'। सरावगी ने मोदी के संदेश को सकारात्मक बदलाव के लिए प्रभावी बताया।

दरभंगा। बिहार भाजपा अध्यक्ष व दरभंगा नगर विधायक संजय सरावगी ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ के 137वें संस्करण को दरभंगा पश्चिमी जिले के सदर मंडल अंतर्गत बद्रीनगर में प्रदेश के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, पार्टी कार्यकर्ताओं एवं आम लोगों के साथ बैठकर सुना। ‘मन की बात’ सुनने के बाद प्रदेश अध्यक्ष श्री सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’, ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘सूर्यपथ तिरंगा’ जैसे अभियानों के माध्यम से युवा शक्ति, आत्मनिर्भरता एवं राष्ट्रप्रेम का प्रेरक संदेश दिया है। श्री सरावगी ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं।
‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ का संकल्प युवाओं को नशे से दूर कर उनकी ऊर्जा और प्रतिभा को राष्ट्र निर्माण में लगाने की प्रेरणा देता है।प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री ने आने वाले त्योहारों से पहले देशवासियों से भारत में बनी वस्तुओं को प्राथमिकता देने का आह्वान किया है। ‘वोकल फॉर लोकल’ केवल स्वदेशी उत्पाद खरीदने का आग्रह नहीं, बल्कि देश के कारीगरों, छोटे उद्यमियों, महिलाओं और स्थानीय कारोबारियों को आर्थिक रूप से मजबूत करने का अभियान है। कहा कि ‘मन की बात’ राजनीति से ऊपर उठकर देश और समाज में हो रहे सकारात्मक बदलावों, स्थानीय प्रतिभाओं, नवाचारों व जनहित के प्रयासों को सामने लाने वाला प्रभावी माध्यम है।


