बीडीओ के अहियापुर स्थित आवास से करोड़ों के 16 प्लॉट के दस्तावेज जब्त
दरभंगा के बहादुरपुर प्रखंड के बीडीओ आनंद कुमार विभूति के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में ईओयू की छापेमारी में कई दस्तावेज जब्त किए गए हैं। इनमें 16 भू-खंडों के क्रय से संबंधित दस्तावेज और विभिन्न बैंकों में 16 खातों की जानकारी मिली। यह अधिक संपत्ति 12 वर्षों की सेवा में अर्जित की गई है।
मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। दरभंगा के बहादुरपुर प्रखंड के बीडीओ आनंद कुमार विभूति के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) की छापेमारी में बड़े खुलासे हुए हैं।
जांच की गई संपत्ति
मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र के सरस्वती नगर रोड नंबर-01 स्थित उनके निजी आवास से 16 भू-खंडों के क्रय से संबंधित दस्तावेज जब्त किए गए हैं। ये भू-खंड करोड़ों के हैं। इनमें 09 प्लॉट स्वयं और परिजन के नाम पर तथा 07 अन्य के नाम पर खरीदे गए हैं।
बैंक खातों और निवेश
इसके अलावा स्वयं तथा परिजनों के नाम पर विभिन्न बैंकों में 16 खातों की भी जानकारी ईओयू की टीम मिली है। इनको फ्रीज करा दिया गया है। एक बैंक लॉकर भी मिला है जिसकी तलाशी शेष है। इसके अलावा भारतीय जीवन बीमा निगम और अन्य बीमा कंपनियों में निवेश के कागजात मिले हैं। इसमें सालाना 1.50 लाख प्रीमियम दिया जाता है। म्यूचुअल फंड में लगभग 70 लाख रुपये जमा करने के साक्ष्य भी टीम को मिले हैं।
आय से अधिक संपत्ति का मामला
ईओयू के अनुसार, आरोपित वर्ष 2014 में बीपीएससी की 53वीं से 55वीं बैच में सीधे नियुक्त अधिकारी हैं। वह पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर और दरभंगा में कार्यरत रहे हैं। मात्र 12 वर्ष की सेवा में ही आय से 121.87 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित करने का प्रथम दृष्टया साक्ष्य मिला है। तलाशी के दौरान लालबेगिया, चिरैया, पूर्वी चंपारण स्थित पैतृक भू-खंड पर करीब 70 लाख रुपये की लागत से बना भव्य मकान मिला है, जिसका मूल्यांकन कराया जाएगा। वहीं, तलाशी में एक इनोवा क्रिस्टा व एक स्कॉर्पियो के अलावा आभूषण क्रय से संबंधित इन्वाइस भी बरामद हुए हैं। ईओयू का कहना है कि जब्त दस्तावेजों के अवलोकन के बाद आय से अधिक संपत्ति में और वृद्धि होने की संभावना है। मामले की सूचना ग्रामीण विकास विभाग को दे दी गई है।


