नौवीं का मैट्रिक पंजीयन आज से हुआ शुरू
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने वार्षिक माध्यमिक परीक्षा 2028 के लिए कक्षा 9 के विद्यार्थियों के पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू की है। पंजीकरण 24 सितंबर तक ऑनलाइन चलेगा। नियमित छात्रों के लिए 350 रुपये और स्वतंत्र छात्रों के लिए 480 रुपये शुल्क निर्धारित है। गलत विवरण पर पंजीकरण रद्द किया जा सकता है।

मधुबनी। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने वार्षिक माध्यमिक परीक्षा 2028 के लिए कक्षा नौवीं में अध्ययनरत विद्यार्थियों के पंजीयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिले के सभी मान्यता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्रों के लिए शनिवार से पंजीयन शुरू हो गया है । 24 सितंबर तक ऑनलाइन पंजीयन और अनुमति आवेदन कर सकेंगे। पंजीयन शुल्क 22 सितंबर तक जमा करना होगा। शुल्क जमा होने के बाद घोषणा पत्र भी अपलोड करना अनिवार्य है। समिति के अनुसार नियमित विद्यार्थियों के लिए निर्धारित शुल्क 350 रुपये और स्वतंत्र विद्यार्थियों के लिए 480 रुपये है। पंजीयन के दौरान विद्यार्थी का नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि तथा पहचान संबंधी विवरण सावधानी से भरना होगा।
गलत या अधूरे विवरण पर पंजीयन रद्द किया जा सकता है।परीक्षा के लिए विद्यार्थी की न्यूनतम आयु एक मार्च 2028 को 14 वर्ष निर्धारित है। विद्यालय प्रधानों को भरे हुए आवेदन की प्रतियां सुरक्षित रखने तथा विद्यार्थियों के हस्ताक्षर और मुहरयुक्त अभिलेख विद्यालय में संधारित करने का निर्देश दिया गया है। वाटसन प्लस टू उवि के एचएम सतीश कुमार ने बताया कि सभी छात्रों को इसकी जानकारी दी गई है ।


