मुजफ्फरपुर और पूर्वी चंपारण से सबसे अधिक बच्चे देंगे मैट्रिक की परीक्षा
मुजफ्फरपुर और पूर्वी चंपारण से 2027 की मैट्रिक परीक्षा के लिए सबसे अधिक बच्चों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। बिहार में कुल 13,61,254 बच्चों ने रजिस्ट्रेशन किया है, जो पिछले साल से डेढ़ लाख कम है। परीक्षा को लेकर विचार-विमर्श जारी है।

मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। सूबे में मुजफ्फरपुर और पूर्वी चंपारण से सबसे अधिक बच्चे 2027 की मैट्रिक परीक्षा देंगे। सूबे में कुल 13,61,254 बच्चों ने मैट्रिक परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है।
परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन
बिहार बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार मैट्रिक परीक्षा के लिए पूर्वी चंपारण में सबसे अधिक 68,172 और मुजफ्फरपुर में 63,791 बच्चों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। पटना से 61,965 बच्चों का रजिस्ट्रेशन हुआ है। हालांकि, इंटर परीक्षा को लेकर पटना से सबसे अधिक 64,358 परीक्षार्थी ने रजिस्ट्रेशन कराया है। इंटर में दूसरे स्थान पर पूर्वी चंपारण के परीक्षार्थियों की संख्या 50,708 है। इंटर में मुजफ्फरपुर से 47,454 छात्र-छात्राओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है। समस्तीपुर में 49 हजार और मधुबनी में 48 हजार छात्र-छात्राओं ने इंटर के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है。
छात्रों की संख्या में कमी
मैट्रिक में संख्या पिछले साल से डेढ़ लाख कम
सूबे में मैट्रिक में रजिस्ट्रेशन कराने वाले छात्र-छात्राओं की संख्या पिछले साल की अपेक्षा लगभग डेढ़ लाख कम है। 2026 की परीक्षा में 15 लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल हुए थे। 2027 के लिए 13,61,254 ने ही रजिस्ट्रेशन कराया है। इसे लेकर बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने मुजफ्फरपुर समेत सभी जिलों को सूची भेजते हुए निर्देश दिया है कि पिछले साल की अपेक्षा परीक्षार्थियों की संख्या काफी कम है। यह अंतर किस वजह से है, इस पर जवाब मांगा गया है।
मुजफ्फरपुर के आंकड़े
जिले में इस साल चार हजार का अंतर
मुजफ्फरपुर में 2026 की मैट्रिक परीक्षा में 67,297 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। 2027 के लिए पिछले साल की अपेक्षा लगभग चार हजार परीक्षार्थी कम हैं। 2025 की परीक्षा में 70,227 परीक्षार्थी जिले से मैट्रिक परीक्षा में शामिल हुए थे।


