एके-47 रखने वाले अनिल बंजी गैंग से सहारनपुर के हथियार तस्करों का कनेक्शन
एसटीएफ ने सहारनपुर में तीन हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनका कनेक्शन मेरठ के अनिल बंजी गैंग से है, जो चार साल में 5000 से अधिक हथियार तस्करी कर चुका है। आरोपियों के पास से कई हथियार और कारतूस बरामद हुए हैं।

एसटीएफ ने सहारनपुर में जिन तीन हथियार तस्करों की गिरफ्तारी की थी, उनका कनेक्शन एके-47 जैसे हथियार रखने वाले मेरठ के अनिल बंजी गैंग से है। इस गुरु ने 4 साल में यूपी में 5000 से ज्यादा हथियारों की तस्करी की है। ये गिरोह अमृतसर के मरहट्टा गन हाउस से हथियार खरीद कर यूपी-दिल्ली में सप्लाई कर रहा था। गन हाउस और अनिल बंजी पर एसटीएफ पहले की शिकंजा कस चुकी है। एसटीएफ की मेरठ यूनिट ने सहारनपुर के मिर्जापुर इलाके से तीन हथियार तस्कर असद, इकराम और दानिश को एक दिन पहले गिरफ्तार किया था। आरोपियों के कब्जे से पंप एक्शन गन, तमंचे, एयरगन, तलवार, 425 कारतूस और स्कॉर्पियो बरामद हुई है। पूछताछ में आरोपियों का कनेक्शन मेरठ (मूल निवासी मुजफ्फरनगर) के अनिल बालियान उर्फ अनिल बंजी से सामने आया। अनिल बंजी गैंग के पास एके-47 थी, जिसे कुछ साल पहले शामली पुलिस ने बरामद किया था। इसके बाद से पंजाब से हथियार तस्करी करने वाले अनिल बंजी और उसके गैंग के 21 सदस्यों की यूपी एसटीएफ गिरफ्तारी कर चुकी है。
अनिल बंजी से कनेक्शन का खुलासा
एसटीएफ अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पहले अनिल बंजी से ही हथियार लेते थे।
वर्ष 2022 में मेरठ के मोदीपुरम में कृषि विश्वविद्यालय के डीन डॉ राजबीर सिंह पर हमला हुआ था, जिसमें अनिल बंजी की गिरफ्तारी हुई थी। इस दौरान असद, इकराम और दानिश ने खुद ही पंजाब से हथियारों की तस्करी शुरू कर दी।
अमृतसर पंजाब स्थित मरहट्टा गन हाउस से अवैध हथियार खरीदकर यूपी के विभिन्न जिलों में सप्लाई करते थे। पंजाब में 30 से 40 हजार रुपये में खरीदी गई बंदूक को पश्चिमी यूपी में 80 हजार से एक लाख रुपये तक में बेचा जाता था।
अनिल बंजी और गन हाउस संचालक पहले जा चुके जेल
एसटीएफ के एएसपी ब्रिजेश सिंह ने बताया कि मरहट्टा गन हाउस से अवैध हथियार खरीदकर तस्करी करने के मामले में एसटीएफ ने 20 दिसंबर 2024 को मुजफ्फरनगर के गांव सिसौली निवासी अनिल बालियान उर्फ अनिल बंजी(वर्तमान में मेरठ निवासी) को गिरफ्तार किया था। इसके बाद पांच मार्च 2025 को अमृतसर के मरहट्टा गन हाउस के मालिक सेजपाल सिंह को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। अब पकड़े गए तीन आरोपियों के पूछताछ में भी इसी गन हाउस से हथियार खरीदने की बात सामने आई है।
असद के पास 200 बीघा जमीन
गिरफ्तार आरोपियों में असद सहारनपुर के थाना मिर्जापुर क्षेत्र के गांव महेश्वरी कलां का मूल निवासी है। एसटीएफ के अनुसार, उसके पास करीब 200 बीघा जमीन और गांव में पुश्तैनी मकान है। वह दूध की डेयरी भी चलाता है। दानिश उसकी गाड़ी चलाता है हथियारों की तस्करी में शामिल था। इकराम असद के घर और डेयरी पर काम करता था।

