परंपरा और प्रगति को संजोए ‘संचेतना’ के विशेषांक का विमोचन
बीएचयू की पत्रिका ‘संचेतना’ का विमोचन कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने किया। यह पत्रिका विश्वविद्यालय की उपलब्धियों और शोध को दर्शाती है। युवाओं को इससे जोड़ने का प्रयास किया गया है। पत्रिका में विश्वविद्यालय की वृक्ष संपदा और प्रौद्योगिकी हस्तांतरण की जानकारी भी शामिल है।

वाराणसी, प्रमुख संवाददाता। बीएचयू की गौरवशाली परंपरा और प्रगति को एक साथ संजोने वाली पत्रिका ‘संचेतना’ का बुधवार को कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने विमोचन किया।
पत्रिका का उद्देश्य
‘संचेतना’ का उद्देश्य विवि की उपलब्धियों, नवीन शोध, डिजिटल पहलों, प्रयोगशालाओं एवं विश्वविद्यालय की गौरवशाली विरासत को विस्तृत एवं रोचक प्रारूप में संकलित करना और व्यापक समुदाय तक पहुंचाना है। पत्रिका का प्रकाशन सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय द्वारा किया गया है। विमोचन समारोह में कुलपति ने कहा कि इस पत्रिका को विशेषकर युवाओं से जोड़ना महत्वपूर्ण है। वेबसाइट और ‘नमस्ते बीएचयू’ ऐप से ऐसा किया जा सकता है।
पत्रिका की विशेषताएँ
उन्होंने कहा कि पत्रिका विविध विषयों को आकर्षक रूप से प्रस्तुत करती है और अनेक महत्वपूर्ण उपलब्धियों को एकसाथ प्रस्तुत करना इसे विशेष बनाता है। ‘परंपरा के साथ, प्रगति के पथ पर’ की विषयवस्तु के साथ ‘संचेतना’ के इस विशेषांक में विश्वविद्यालय परिसर की समृद्ध वृक्ष संपदा, उसकी विविधता और इसके वैज्ञानिक दस्तावेजीकरण के प्रयासों के साथ पिछले वर्ष के प्रौद्योगिकी हस्तांतरण, ‘स्पंदन’ की कहानी, महामना अभिलेखागार आदि का वर्णन किया गया है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोग
प्रो. अनुराग दवे ने ‘संचेतना’ पत्रिका एवं उसके उद्देश्य के बारे में बताया। छात्र अधिष्ठाता प्रो. रंजन कुमार सिंह ने संचेतना के प्रकाशन को नई व प्रभावशाली पहल बताया। परीक्षा नियंता डॉ. अवधेश कुमार ने कहा कि बीएचयू की सूचनाओं और आवश्यक जानकारियों के व्यापक प्रसार में जनसम्पर्क कार्यालय उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। जनसम्पर्क अधिकारी डॉ. राजेश सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। सहायक जनसम्पर्क अधिकारी चंद्रशेखर ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम में कृषि विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. वीके मिश्रा, प्रो. राजेश कुमार मल्ल, प्रो. राकेश सिंह, सहित पत्रिका के प्रवेशांक और विशेषांक में योगदान देने वाले सभी सदस्य उपस्थित रहे।

