लोकपाल ने बीएचयू प्रशासन को किया तलब
बीएचयू अस्पताल के सुपरस्पेशियलिटी ब्लॉक में दो वर्ष पुरानी एमआरआई और अल्ट्रासाउंड मशीन की टेंडर प्रक्रिया पर विवाद उठ गया है। लोकपाल ने बीएचयू प्रशासन को तलब किया है और 14 अक्टूबर को सुनवाई के लिए बुलाया है। टेंडर प्रक्रिया में गड़बड़ी के चलते पहले इसे रद्द किया गया था।

वाराणसी, कार्यालय संवाददाता। बीएचयू अस्पताल के सुपरस्पेशियलिटी ब्लॉक में दो साल पुरानी एमआरआई, अल्ट्रासाउंड मशीन की टेंडर प्रक्रिया पर अब एक नया मामला सामने आया है। इसपर अब लोकपाल ने बीएचयू प्रशासन को तलब किया है। इसके साथ ही 14 अक्तूबर को लोकपाल कार्यालय में पक्ष रखने के लिए बुलाया है। सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में एमआरआई, सीटी स्कैन मशीन को पीपीपी मॉडल पर संचालित करने के लिए बीएचयू प्रशासन ने अगस्त 2024 में टेंडर निकाला था। इसमें एक नामित एजेंसी को जिम्मेदारी दी गई। बाद में टेंडर प्रक्रिया में गड़बड़ी के चलते इसे रद्द भी कर दिया गया। इस मामले में लंका थाने में मुकदमा भी दर्ज हुआ था।
इसी मामले में लोकपाल में भी इसकी शिकायत हुई थी। शिकायत मिलने के बाद प्रारंभिक जांच के आदेश दिए गए थे। नोटिस में कहा गया है कि संबंधित पक्ष सुनवाई में स्वयं उपस्थित हो सकता है। इसके अलावा कानूनी रूप से अधिकृत प्रतिनिधि या अधिवक्ता के माध्यम से भी पक्ष रखा जा सकता है। लिखित पक्ष रखना हो तो उसकी आठ प्रतियां सुनवाई की निर्धारित तारीख से कम से कम एक सप्ताह पहले जमा करनी होंगी।

