साथी-बीएचयू में दिया मास्कलेस लेजर लिथोग्राफी का प्रशिक्षण
वाराणसी में BHU के साथी में मास्कलेस लेजर लिथोग्राफी पर दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया और नवीनतम तकनीकों के उपयोग के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यशाला में सेमीकंडक्टर तकनीक, इलेक्ट्रॉनिक्स और उन्नत फैब्रिकेशन पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

वाराणसी, प्रमुख संवाददाता। बीएचयू स्थित सोफेस्टिकेटेड एनालिटिकल एंड टेक्निकल हेल्प इंस्टीट्यूट (साथी बीएचयू) में मास्कलेस लेजर लिथोग्राफी पर दो दिवसीय व्यावहारिक प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। बुधवार को कार्यशाला के दूसरे और अंतिम दिन कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने प्रतिभागी छात्रों को प्रमाण पत्र प्रदान किए। कार्यशाला में प्रतिभागियों को उन्नत लिथोग्राफी तकनीकों, लेजर राइटिंग, क्लीनरूम प्रोटोकॉल और सेमीकंडक्टर डिवाइस निर्माण प्रक्रियाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। कुलपति ने प्रतिभागियों को सेमीकंडक्टर प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स और उन्नत डिवाइस फैब्रिकेशन जैसे उभरते क्षेत्रों में नवाचार एवं अनुसंधान कार्य को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने प्रतिभागियों को विश्वविद्यालय में उपलब्ध उन्नत अनुसंधान एवं फैब्रिकेशन सुविधाओं का अधिकतम उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया।
इससे पहले मंगलवार को कार्यशाला के उद्घाटन सत्र में आईआईटी बीएचयू के डॉ. अमृतांशु पांडेय ने छात्रों का मार्गदर्शन किया था। कार्यशाला का संयोजन और विशेषज्ञ व्याख्यान प्रो. अंचल श्रीवास्तव ने दिया।


