टेक्निशियन से रिकवर होगी गबन की राशि
बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल के गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी विभाग में फाइब्रोस्कैन की जांच के दौरान एक टेक्निशियन रत्नेश मौर्या को दोषी ठहराया गया है। जांच में फर्जी रसीदों का प्रयोग कर अस्पताल के खाते में पैसे जमा कराने की बजाय उन्हें निजी कंपनी में रख लेने का मामला उजागर हुआ है। इस घोटाले की राशि 24 लाख रुपये तक पहुँच सकती है।

वाराणसी, कार्यालय संवाददाता। बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल के गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी विभाग के फाइब्रोस्कैन घाटाले की जांच पूरी हो गई है। जांच कमेटी ने अपनी रिपोर्ट में निजी कंपनी के रिसर्च एसोसिएट (टेक्निशियन) रत्नेश मौर्या को दोषी माना है। कमेटी ने उस पर मुकदमा दर्ज कराने और उससे गबन राशि के रिकवरी की सिफारिश की है। गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी विभाग की दो नर्सों ने आईएमएस बीएचयू के निदेशक और एमएस से फाइब्रोस्कैन की फर्जी रसीद के जरिए जांच करने का आरोप लगाया था। शिकायत के आधार पर बाल रोग विभाग की प्रो. विनिता गुप्ता की अध्यक्षता में चार सदस्यीय जांच कमेटी गठित की गई थी।
कमेटी ने जांच में पाया कि फर्जी रसीद के माध्यम से पैसा अस्पताल के खाते में जमा करने के बजाए निजी कंपनी का टेक्निशियन खुद ही रख लेता था। रिपोर्ट के अनुसार सिर्फ तीन महीने की जांच में तीन लाख रुपये की फर्जी रसीद मिली है। जबकि उक्त कर्मचारी दो साल से पदस्थ था, ऐसे में फर्जीवाड़ा की राशि और ज्यादा हो सकती है। कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर एक साल में 12 लाख और दो साल में 24 लाख रुपये के घपले की आशंका है।

