हार्वर्ड की ‘एएनआई-एएसआई' थ्योरी नस्लीय षड्यंत्र : प्रो. ज्ञानेश्वर चौबे
वाराणसी में बीएचयू के व्याख्यान में जीन वैज्ञानिक प्रो. ज्ञानेश्वर चौबे ने एएनआई-एएसआई सिद्धांत को भ्रामक बताया। उनके अनुसार, हजारों डीएनए नमूनों और प्राचीन कंकालों के अध्ययन से भारतीय उपमहाद्वीप के लोगों में आनुवंशिक निरंतरता के संकेत मिले हैं। उन्होंने कहा कि जातियों और समुदायों के पूर्वज साझा हैं तथा बाहर से किसी नस्ल के प्रभुत्व का दावा निराधार है।

वाराणसी। सदियों से भारतीयों को उत्तर और दक्षिण या ‘आर्य और द्रविड़ के नाम पर बांटने वाली पश्चिमी थ्योरी पूरी तरह से भ्रामक है। हार्वर्ड विश्वविद्यालय द्वारा प्रचारित एएनआई (एन्सेस्ट्रल नॉर्थ इंडियन) और एएसआई (एन्सेस्ट्रल साउथ इंडियन) थ्योरी असल में कभी भारत मे अस्तित्व में थी ही नहीं। यह सिर्फ अंग्रेजों के नस्लीय सिद्धांत का नया स्वरूप है। बीएचयू एमएमवी में आयोजित विशेष व्याख्यान में शुक्रवार को जीन वैज्ञानिक प्रो. ज्ञानेश्वर चौबे ने यह खुलासा किया। एमएमवी स्थित ‘प्राचीन भारतीय इतिहास, संस्कृति एवं पुरातत्व’ विभाग में डॉ. स्वतंत्र सिंह की देखरेख में आयोजित व्याख्यान में ‘भारतीय उपमहाद्वीप की सदियों पुरानी थ्योरीज को डीएनए रिसर्च कैसे बदल रहा है’ विषय पर प्रो. चौबे ने अपने शोध समूह के अध्ययनों के हवाले से कई जानकारियां दीं।
प्रो. चौबे ने कहा कि भारतीय वैज्ञानिक लगातार अपने स्वतंत्र शोधों से विदेशी दावों को नकार रहे हैं। भारत के लोगों को (एएनआई-एएसआई) के कृत्रिम खांचे में बांटना हावर्ड की एक सोची-समझी साजिश है, जिसका उद्देश्य समाज में विभाजन पैदा करना है। हजारों डीएनए सैंपल के अध्ययन से यह समझ आया कि आनुवांशिक रूप से ऐसी कोई भी दो अलग-अलग नस्लें भारत में कभी नहीं रहीं। प्रो. चौबे ने मेसोपोटामिया और सिंधु घाटी सभ्यता के डीएनए पर हुए हालिया कार्यों और जाने-माने पुरातत्वविद् प्रो. वसंत शिंदे के कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि पुरातात्विक कंकालों के डीएनए अध्ययन ने यह साबित कर दिया है कि भारतीय उपमहाद्वीप के लोगों का आनुवंशिक इतिहास एक अटूट निरंतरता वाला है। इसमें बाहर से आकर किसी नस्ल के हावी होने की बात पूरी तरह निराधार है।वाई-क्रोमोजोम और ‘हैपलोग्रुप आर-2’ के वैज्ञानिक डेटा को साझा करते हुए उन्होंने दिखाया कि भारत में चाहे कोई दलित हो या ब्राह्मण, आनुवंशिक रूप से सभी के पूर्वज एक ही हैं। बताया कि भारत की प्राचीन संथाल जनजाति के साथ आज के आनुवंशिक और डीएनए कनेक्शन 8 हजार साल पुराने हैं। इस विशेष व्याख्यान में डॉ. विवेकानंद उपाध्याय, डॉ. मनीष मीना, डॉ. उषा रानी, डॉ. जोस टॉम राफेल सहित बड़ी संख्या में प्राध्यापक, शोधार्थी और छात्राएं मौजूद रहीं।

