खेल : वित्तीय अनियमितता में बीएफआई के महासचिव निलंबित
वित्तीय अनियमितता में बीएफआई के महासचिव निलंबित आरोप नई दिल्ली, एजेंसी। भारतीय मुक्केबाजी

वित्तीय अनियमितता में बीएफआई के महासचिव निलंबित आरोप
नई दिल्ली, एजेंसी। भारतीय मुक्केबाजी महासंघ (बीएफआई) के अध्यक्ष अजय सिंह ने कथित वित्तीय अनियमितताओं, जांच में सहयोग नहीं करने और अधिकारों का दुरुपयोग करने के आरोप में महासचिव प्रमोद कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
निलंबन के पीछे के आरोप
विवादास्पद फैसले : अजय सिंह ने मंगलवार को जारी निलंबन आदेश में कुमार के खिलाफ कई आरोपों का हवाला दिया, जिनमें जरूरी मंजूरी के बिना प्रसारण व्यवस्था के लिए आदेश जारी करना भी शामिल है। कुमार पर राष्ट्रीय चैंपियनशिप रद्द होने की जांच में सहयोग न करने और अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए अनधिकृत बैठक बुलाने का प्रयास करने का भी आरोप लगाया गया है।
आदेश में लिखा है, जांच पूरी होने तक या सक्षम पदाधिकारी द्वारा आदेश में संशोधन या उसे रद्द किए जाने तक बीएफआई संविधान के लागू प्रावधानों के तहत आपको तत्काल प्रभाव से महासचिव के पद से अंतरिम रूप से निलंबित किया जाता है। आदेश में हालांकि यह स्पष्ट किया गया कि निलंबन एक अंतरिम उपाय है और इसे ‘आरोपों को लेकर अंतिम फैसला नहीं माना जाएगा।’
चैंपियनशिप जांच और विशेष बैठक
अजय सिंह ने हिमाचल प्रदेश के नाहन में 16 से 23 अगस्त तक पुरुष और महिला ओपन मुक्केबाजी चैंपियनशिप अंतिम समय में रद्द किए जाने की जांच का भी हवाला दिया। इसके लिए 17 अगस्त को जांच समिति का गठन किया गया था। इसके अलावा कुमार ने 28 अक्तूबर को विशेष आम बैठक (एसजीएम) बुलाई थी, जिसमें उन्होंने अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए संबद्ध राज्य इकाइयों के बहुमत के समर्थन का दावा किया था।

