माताटीला से 52 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा, बेतवा का जलस्तर 113.80 मीटर पर पहुंचा
कुसमिलिया में माताटीला बांध के 20 गेट खोलने के बाद बेतवा नदी का जलस्तर 113.80 मीटर तक पहुंच गया है। 24 घंटे में जलस्तर में 3 मीटर की बढ़ोतरी हुई है। बारिश के कारण जलस्तर में और वृद्धि की संभावना है। केंद्रीय जल आयोग स्थिति पर नजर रखे हुए है।

कुसमिलिया। संवाददाता मध्य प्रदेश के बांधों से पानी छोड़े जाने से बेतवा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। माताटीला बांध के 20 गेट खोलकर 52 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद गुरुवार शाम 4 बजे तक बेतवा 113.80 मीटर पर पहुंच गई। 24 घंटे में 3 मीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।मध्य प्रदेश और आसपास हो रही भारी बारिश के बाद लहचूरा और माताटीला बांध से पानी छोड़ा गया है। एक सप्ताह पहले लहचूरा से पानी छोड़ने पर जलस्तर 110.20 मीटर था, वहीं बुधवार को माताटीला से 52 हजार क्यूसेक पानी छोड़ने से यह बढ़कर 113.80 मीटर हो गया।
फिलहाल नदी खतरे के निशान से करीब 8 मीटर नीचे है, लेकिन केंद्रीय जल आयोग 24 घंटे निगरानी कर रहा है। प्रशासन ने बाढ़ चौकियों को अलर्ट मोड पर रखा है। बेतवा प्रखंड के कर्मचारी लालू यादव ने स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि नदी का जलस्तर अभी धीमी गति से बढ़ रहा है। यदि ऊपरी इलाकों में बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहा, तो आने वाले समय में जलस्तर में और इजाफा होने की पूरी संभावना है।


