पीलीभीत बाईपास पर बसेगा ऑल इन वन शहर, एक छत के नीचे मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) अब पीलीभीत बाईपास रोड पर एक नई आवासीय योजना पर काम कर रहा है। इस योजना में अस्पताल, स्कूल, पार्क, मॉल और सामुदायिक सुविधाएं शामिल की जाएंगी। इसका उद्देश्य क्षेत्र में बेहतर कनेक्टिविटी और सुनियोजित विकास करना है।

रामगंगा नगर और ग्रेटर बरेली के बाद अब बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) पीलीभीत बाईपास रोड पर शहर के विस्तार की नई तस्वीर तैयार करने में जुट गया है। प्राधिकरण यहां अपनी अब तक की सबसे बड़ी आवासीय योजना विकसित करने की कार्ययोजना तैयार कर रहा है। खास बात यह होगी कि योजना को केवल आवासीय कॉलोनी के रूप में विकसित करने के बजाय इसमें आधुनिक शहर की जरूरतों से जुड़ी सुविधाओं को एक साथ विकसित करने का प्रस्ताव है। बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय का कहना है कि नए शहर में घर के साथ अस्पताल,स्कूल-कॉलेज,खेल सुविधाएं,पार्क,मॉल और सामुदायिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी है। इसके लिए बेहतर कनेक्टिविटी और चौड़ी सड़कों का नेटवर्क विकसित करने पर भी जोर दिया जा रहा है। प्रस्तावित योजना में यातायात और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए 18, 30 और 45 मीटर तक चौड़ी सड़कें विकसित करने का मसौदा तैयार किया गया है। चौड़ी सड़कों के साथ सुनियोजित सेक्टर और सुविधाओं के विकास की योजना है। इससे क्षेत्र में आवासीय और व्यावसायिक गतिविधियों को व्यवस्थित स्वरूप देने में मदद मिलेगी.
घर के साथ पढ़ाई और इलाज की सुविधा
योजना की खासियत यह होगी कि लोगों को रोजमर्रा की जरूरी सुविधाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़े। प्रस्तावित विकास में अस्पताल, स्कूल और कॉलेज जैसी संस्थागत सुविधाओं के लिए स्थान रखने की योजना है। इससे भविष्य में विकसित होने वाले आवासीय क्षेत्र को एक पूर्ण नगरीय स्वरूप देने की कोशिश होगी।
स्टेडियम-पार्क और मॉल भी प्रस्तावित
बीडीए की योजना में लोगों की जरूरतों के साथ मनोरंजन और खेल सुविधाओं को भी शामिल किया जा रहा है। इसके तहत स्पोर्ट्स स्टेडियम और पार्क विकसित करने का प्रस्ताव है। इसके अलावा खरीदारी और व्यावसायिक गतिविधियों के लिए मॉल व अन्य व्यावसायिक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। सामुदायिक सुविधाओं के लिए भी स्थान प्रस्तावित किया जा रहा है।
कनेक्टिविटी पर भी रहेगा फोकस
बीडीए का जोर सिर्फ जमीन विकसित करने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरी योजना को सुनियोजित आधारभूत ढांचे के साथ विकसित करने की तैयारी है। चौड़ी सड़कें, आवासीय क्षेत्र, व्यावसायिक गतिविधियां और सार्वजनिक सुविधाओं को एक साथ प्लान करने का उद्देश्य भविष्य में क्षेत्र के बेतरतीब विस्तार को रोकना और बेहतर नगरीय वातावरण तैयार करना है।
दूसरे राज्यों के लोगों को भी आकर्षित कर सकती है योजना
पीलीभीत बाईपास शहर के विस्तार वाले प्रमुख क्षेत्रों में शामिल है। ऐसे में यदि प्रस्तावित योजना तय स्वरूप में धरातल पर उतरती है तो आधुनिक सुविधाओं से युक्त सुनियोजित आवासीय क्षेत्र के रूप में इसकी मांग बढ़ने की संभावना है। बेहतर कनेक्टिविटी, शिक्षा-स्वास्थ्य सुविधाओं, खेल और व्यावसायिक गतिविधियों का एक ही क्षेत्र में विकास इसे स्थानीय लोगों के साथ दूसरे शहरों और राज्यों के लोगों के लिए भी आकर्षक बना सकता है.
प्राधिकरण का उद्देश्य नागरिकों को आधुनिक, सुव्यवस्थित और बेहतर आधारभूत सुविधाओं से युक्त आवासीय और व्यावसायिक वातावरण उपलब्ध कराना है। इसी सोच के अनुरूप पीलीभीत बाईपास पर प्रस्तावित योजना की कार्ययोजना तैयार की जा रही है.
- सौम्या पांडेय, उपाध्यक्ष बीडीए


