अटके मानचित्रों का निकलेगा रास्ता, समाधान दिवस में दूर होगी सालों पुरानी टेंशन
मानचित्र स्वीकृति और भवन निर्माण से जुड़े मामलों के लिए राहत की खबर है। बरेली विकास प्राधिकरण का मानचित्र समाधान दिवस अटके प्रकरणों के समाधान का मार्ग खोलेगा। लोग अपनी पुरानी समस्याएं लेकर अधिकारियों के सामने जा सकेंगे। इस पहल का उद्देश्य समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान करना है।

मानचित्र स्वीकृति और भवन निर्माण से जुड़े मामलों में लंबे समय से प्राधिकरण के चक्कर काट रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। बरेली विकास प्राधिकरण का मानचित्र समाधान दिवस अटके प्रकरणों के समाधान का रास्ता खोलेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनहित,सुशासन और पारदर्शी प्रशासन के विजन को आगे बढ़ाते हुए प्राधिकरण ने मानचित्र संबंधी समस्याओं के समाधान पर फोकस किया है। समाधान दिवस में लोग अपनी सालों पुरानी समस्याएं और लंबित प्रकरण लेकर अधिकारियों के सामने पहुंच सकेंगे। अधिकारियों द्वारा मामलों की स्थिति की जानकारी लेने के साथ संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे। इससे उन लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, जिनके मानचित्र या भवन संबंधी प्रकरण लंबे समय से किसी न किसी स्तर पर लंबित हैं। बीडीए में अगले सप्ताह मानचित्र समाधान दिवस लगने जा रहा है। जिसमें मानचित्र स्वीकृति,लंबित आवेदन,भवन निर्माण की अनुमति,मानचित्र में संशोधन,प्राधिकरण से संबंधित आपत्तियों और अन्य तकनीकी समस्याओं से जुड़े मामलों को सुना जाएगा। उद्देश्य है कि लोगों को अपनी समस्या के लिए बार-बार अलग-अलग कार्यालयों और शाखाओं के चक्कर न लगाने पड़ें。
सालों से लंबित मामलों पर रहेगा फोकस
समाधान दिवस में विशेष रूप से उन मामलों पर ध्यान दिया जाएगा,जिनमें लंबे समय से कार्रवाई लंबित है। संबंधित अधिकारी प्रकरण की स्थिति देखकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे,ताकि पात्र मामलों का निस्तारण जल्द हो सके।
अगले सप्ताह फिर लगेगा कैंप
प्राधिकरण की ओर से अगले सप्ताह फिर मानचित्र समाधान कैंप आयोजित किया जाएगा। इससे उन लोगों को भी अपनी शिकायत रखने का अवसर मिलेगा, जो पिछले समाधान दिवस में शामिल नहीं हो सके। कैंप के माध्यम से लंबित प्रकरणों की सुनवाई और समाधान की प्रक्रिया को गति देने का प्रयास किया जाएगा।
हमारी ये पहल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान,पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के विजन के अनुरूप बताई है। आमजन की समस्या को केवल दर्ज करने तक सीमित न रखा जाए, बल्कि नियमानुसार उसका प्रभावी और समयबद्ध समाधान कराया जाए।
- सौम्या पांडेय, उपाध्यक्ष बीडीए


