स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत मानसरोवर तालाब की सफाई
धनबाद में बीसीसीएल द्वारा स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत मानसरोवर तालाब परिसर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। निदेशक राजेश कुमार के नेतृत्व में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्रमदान कर स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने स्वच्छता को दैनिक व्यवहार का हिस्सा बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

धनबाद, विशेष संवाददाता। स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी को बढ़ावा देने तथा पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत बीसीसीएल की ओर से मानसरोवर तालाब परिसर, कोयला नगर में व्यापक स्वच्छता अभियान गुरुवार को चलाया गया। निदेशक (वित्त/मानव संसाधन) राजेश कुमार के नेतृत्व में कोयला भवन मुख्यालय के विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों ने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार स्वैच्छिक रूप से श्रमदान किया और तालाब परिसर क्षेत्र में व्यापक साफ-सफाई के साथ स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों ने सक्रिय सहभागिता के साथ स्वच्छता गतिविधियों को संपन्न किया और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।मौके
पर राजेश कुमार ने कहा कि स्वच्छता एक उच्च मानवीय गुण है और इसे केवल अभियान तक सीमित न रखकर अपने दैनिक व्यवहार का हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत श्रमदान के माध्यम से अपने आसपास के परिसर को स्वच्छ रखने के साथ-साथ दूसरों को भी स्वच्छता के प्रति निरंतर प्रेरित किया जाना चाहिए। कार्यक्रम में महाप्रबंधक (मानव संसाधन) कुमार मनोज, महाप्रबंधक (असैनिक) संजय अग्रवाल, विभागाध्यक्ष (कल्याण) किरण रानी नायक, वरीय प्रबंधक (असैनिक) हिमांशु नांगल, नोडल अधिकारी पिंकी कुमारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

